माले। यहां भारतीय महिला के साथ रेप के मामले में बांग्लादेशी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। महिला एक कंप्यूटर टीचर है और गत 11 फरवरी को उसके साथ चाकू की नोक पर रेप किया गया था।
गंभीर व सुनियोजित अपराध विभाग के प्रमुख मुहम्मद दाउद ने बताया कि यह घटना अलिफ धाल अतौल धंगेती इलाके की है। अतौल अस्पताल में महिला का इलाज चल रहा है। डाक्टर अभी तक महिला का रक्त स्त्राव बंद नहीं कर पाए हैं। उन्होंने बताया कि महिला बिस्तर के पास गंभीर अवस्था में पड़ी हुई मिली थी। आसपास काफी खून बिखरा हुआ था। आरोपी महिला का लैपटाप, मोबाइल फोन और पैसे भी लेकर भाग गए थे।
दाउद बताया कि इस मामले में एक बांग्लादेशी और दो स्थानीय लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बांग्लादेशी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पीड़िता का लैपटाप, मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया है। साथ ही वह चाकू भी बरामद किया गया है, जिसके बल पर पीड़िता के साथ रेप किया गया था।