इस्लामाबाद। पाकिस्तान सात मछुआरों समेत 11 भारतीयों को शुक्रवार को वाघा सीमा पर भारत को सौंपेगा। सातों मछुआरों को बृहस्पतिवार सुबह कराची की एक जेल से रिहा किया गया और उन्हें बस से लाहौर से लाया गया।
भारतीय उच्चायोग के अधिकारियों ने बताया कि चार अन्य भारतीयों को लाहौर की एक जेल से रिहा किया गया। इन कैदियों ने अपनी सजा की मियाद पूरी कर ली है इसलिए उन्हें रिहा किया गया है।
मछुआरों को अवैध तरीके से पाकिस्तान की समुद्री सीमा में प्रवेश करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। अधिकारियों ने बताया कि 11 कैदियों को शुक्रवार सुबह वाघा सीमा से भारत भेजा जाएगा।
भारत और पाकिस्तान हर साल दर्जनों मछुआरों को समुद्री सीमा का उल्लंघन करने के आरोप में गिरफ्तार करते हैं। हाल के वर्षो में दोनों देशों ने मछुआरों की जल्दी रिहाई के लिए विभिन्न कदम उठाए हैं।