मेडेलिन (कोलम्बिया). कोलंबिया का मेडेलिन शहर दुनिया का सबसे इनोवेटिव शहर बन गया है। मेडेलिन ने न्यूयॉर्क और तेल अवीव को मात देकर ‘इनोवेटिव सिटी ऑफ द ईयर’ का खिताब अपने नाम किया है। जिस तरह दुनिया के कई देशों में मेट्रो ट्रेन चलती है, उसी तरह यहां पर मेट्रो केबल कार चलती है। इसकी गति 16 किमी प्रति घंटा है।
पिछले 13 सालों में यहां के प्रशासन ने लोगों के लिए यातायात प्रणाली, पर्यावरण नीतियों, संग्रहालयों, स्कूल, लाइब्रेरी और सांस्कृतिक स्थलों पर काफी इनोवेशन किए हैं। ये देश कभी ड्रग्स के कुख्यात तस्कर पाब्लो एस्कोबार द्वारा शुरू किए गए जनसंहार की वजह से विश्व का सबसे हिंसक देश बन गया था। पुरस्कार देने से पहले सिटी ग्रुप, डब्ल्यूएसजे मैगजीन और अर्बन लैंड इंस्टीट्यूट ने दुनिया भर के 200 शहरों के विकास को जांचा है।