शावेज के निधन के बाद एक महीने में कराने होंगे चुनाव

venezuela-to-face-election-with-in-one-month-after-hugo-chavez-s-death 2013-3-7कराकास। वेनेजुएला के संविधान के तहत अगर राष्ट्रपति की शपथ लेने से पहले मृत्यु हो जाती है तो चुनाव एक महीने के भीतर कराना अनिवार्य है। फिलहाल देश की बागडोर नेशनल स्पीकर के हाथ में चली जाएगी। यानी अंतरिम सरकार की कमान नेशनल असेंबली के स्पीकर डियोडाडसे काबैलो संभालेंगे।

हालांकि मौत से पहले ह्यूगो शावेज ने सत्ता न संभाल पाने की स्थिति में वेनेजुएला की जनता से उपराष्ट्रपति निकोलस माडुरो को वोट देने का आग्रह किया था। जून, 2011 से कैंसर का इलाज करा रहे शावेज पिछले साल दिसंबर में कैंसर की चौथे चरण की सर्जरी कराने के लिए क्यूबा गए थे। वह 18 फरवरी को वेनेजुएला लौटे। पिछले तीन महीने से वह सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए थे। सोमवार को सरकार ने कहा था कि उन्हें नया संक्रमण हो गया है और सांस लेने में काफी दिक्कत हो रही है। गरीबों के मसीहा कहे जाने वाले शावेज ने देश के तेल के निर्यात से होने वाली आय का इस्तेमाल गरीब लोगों के खाने, स्वास्थ्य और शिक्षा पर खर्च किया। सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें शपथ लेने के लिए अनिश्चितकालीन समय दिया था।

छोड़ गए सामाजिक न्याय की विरासत

प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने ह्यूगो शावेज को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि वह करिश्माई नेता थे, जो अपने पीछे सामाजिक न्याय की पूरी एक विरासत छोड़ गए हैं। उन्होंने कहा कि शावेज ने विकासशील देशों के साथ संबंध बनाने में अहम भूमिका अदा की थी। मनमोहन सिंह ने कहा, ‘हम भारत के साथ मजबूत संबंध बनाने के लिए उन्हें कभी नहीं भुला पाएंगे। भारत के लोग मेरे साथ उनके परिवार और वेनेजुएला के लोगों के लिए सहानुभूति जताते हैं।

शोक में लातिन अमेरिका

शावेज के निधन से सबसे ज्यादा झटका क्यूबा को लगेगा, जिसकी मरणासन्न अर्थव्यवस्था शावेज के रहमोकरम पर थी, जो उन्हें सस्ते दाम पर तेल उपलब्ध कराते थे। क्यूबा की राउल कास्त्रो सरकार ने उनके निधन पर दो दिन के शोक की घोषणा की है। क्यूबा ने उन्हें फिदेल कास्त्रो के वामपंथ का सच्चा पुत्र बताया। इसके अलावा इक्वाडोर के राफेल कोरेया, बोलिविया के ईवो मोरेल्स ने भी दुख जताया है। शावेज का निधन चुनाव जीतने के पांच महीने बाद हुई है। 10 जनवरी को वह छह साल के कार्यकाल के लिए शपथ नहीं ले पाए थे। रूस, चीन और ईरान ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शावेज को असाधारण और मजबूत शख्सियत बताते हुए कहा कि वह भविष्य में झांकने वाले और हमेशा अपने लिए ऊंचे लक्ष्य तय करने वाले नेता थे। वेनेजुएला के साथ अच्छे आर्थिक संबंध रखने वाले चीन ने भी उन्हें महान नेता और अपना महान मित्र बताया। ईरान के राष्ट्रपति महमूद अहमदीनेजाद ने कहा कि उन्होंने एक अच्छा मित्र खो दिया।

error: Content is protected !!