मियामी। शरीर के पांच अंगों के प्रत्यारोपण के बावजूद अमेरिका में एक महिला ने बच्चे को जन्म दिया है। डॉक्टरों के अनुसार यह दुनिया में अपनी तरह का पहला मामला है जब कोई महिला शरीर के कई अंगों के प्रत्यर्पण के बावजूद मां बनने में सफल हो सकी है। कतर की रहने वाली फातिमा अली अंसारी नाम की इस महिला की बड़ी आंत में खून के थक्के जम गए थे जिसका आपरेशन यहां जैक्सन मेमोरियल अस्पताल में वर्ष 2007 में किया गया था। इस आपरेशन में उसके शरीर में लीवर, पाचन ग्रंथि के अलावा छोटी और बड़ी आंत का प्रत्यारोपण किया गया था।
पांच वर्ष बाद उसने एक लड़की को जन्म दिया। हालांकि फातिमा को गर्भावस्था के दौरान कुछ परेशानियों का सामना करना पड़ा, लेकिन उसके डॉक्टरों का कहना है कि वह और बच्चों को जन्म दे सकने में सक्षम है। मां बनने पर अंसारी ने कहा कि यह दुनिया का सबसे सुखद अहसास है।