पाक को उसी की भाषा में जवाब से निकली हेकड़ी

paks-mfnवाशिंगटन। पाकिस्तान के भारत के खिलाफ विषवमन का भारत की ओर से भी उसी के अंदाज में जवाब मिलने के बाद उसकी हेकड़ी निकल गई है और अब वह आपसी व्यापार के जरिए संबंध सुधारने में लगा है। इसके तहत पाकिस्तान सरकार ने दोनों देशों के संयुक्त व्यापार परिषद के लिए अपने 15 सदस्य मनोनीत किए हैं। भारत ने भी उम्मीद जताई है कि पाकिस्तान जल्द ही भारत को मोस्ट फेवर्ड नेशन (एमएफएन) का दर्जा दे देगा, जिससे दोनों देशों के बीच करीबी व्यापारिक रिश्ते के मार्ग प्रशस्त हो जाएंगे।

भारत और पाकिस्तान ने आर्थिक व व्यापारिक संबंधों को बढ़ावा देने के लिए पिछले साल अप्रैल में संयुक्त व्यापार परिषद के गठन का निर्णय लिया था। पाकिस्तान के वाणिज्य मंत्रालय ने इस परिषद के सदस्यों के मनोनयन की अधिसूचना जारी की है। वहां का वाणिज्य मंत्रालय इस परिषद की पहली बैठक की व्यवस्था करेगा। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय को इसकी बैठक के लिए तिथि तय करने को कहा गया है।

अमेरिका में भारत की राजदूत निरूपमा राव के अनुसार, ‘पाकिस्तान ने हमें एमएफएन का दर्जा देने का भरोसा दिया है। हम उस निर्णय की औपचारिक घोषणा और उसे लागू होने का इंतजार कर रहे हैं। इससे निश्चित रूप से न केवल विश्वास बढ़ेगा बल्कि दोनों देशों के बीच बेहद करीबी रिश्ते का रास्ता भी साफ होगा।’

राव शुक्रवार को यूएस-इंडिया इकोनॉमिक एजेंडा इन -2013 विषय पर आयोजित संगोष्ठी के बाद एक सवाल के जवाब में यह टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि भारत और पाकिस्तान दोनों निकट पड़ोसी हैं। हमारे बीच चाहे जो भी मतभेद हों हम इस बुनियादी हकीकत की अवहेलना नहीं कर सकते। हमने भारत और पाकिस्तान के बीच बातचीत की प्रक्रिया शुरू की है। इसमें पर्याप्त बल हम किस तरह दोनों देशों के बीच बेहतर व्यापारिक संबंध बना सकते हैं, यह तय करने की उस प्रक्रिया पर है। पिछले डेढ़ साल में इस बारे में पर्याप्त गतिविधियां हुई है।

व्यापारी वर्ग खासकर के पाकिस्तान के व्यापारियों की बड़ी इच्छा है कि भारत के साथ खुला व्यापार हो। वे इसमें लाभ देखते हैं। राव ने कहा कि अफगानिस्तान एशिया का दिल है। यह दक्षिण और मध्य एशिया को जोड़ने वाला टिशू है। हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि वह अपने भले के लिए और हमारे भले के लिए वह अपनी यह भूमिका निभाता रहे। भारत का पाकिस्तान के रास्ते अफगानिस्तान आना-जाना और व्यापार इस संदर्भ में महत्वपूर्ण है।

error: Content is protected !!