यंगून। दक्षिण-पूर्व एशियाई देश म्यांमार में 50 वर्षो में पहली बार निजी दैनिक समाचार पत्रों के प्रकाशन को हरी झंडी मिल गई है। पांच दशक के लंबे अंतराल के बाद लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को मिली यह आजादी कई मायनों में खास है। सोमवार से चार निजी दैनिक समाचार पत्रों का प्रकाशन अस्थायी रूप से शुरू हो गया है। समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक इनमें यूनियन डेली, गोल्डन फ्रेशलैंड डेली, स्टैंडर्ड टाइम्स डेली और वायस डेली शामिल हैं। आने वाले समय में दर्जनों और समाचार पत्रों के मुद्रित होने की संभावना है। इनमें खित मोए डेली, एम्पायर डेली, द मैसेंजर, अपडेट डेली, म्यांमार न्यूजवीक डेली, मिज्जिमा डेली, इलेवन डेली, खित थित डेली, यंगून टाइम्स, म्यांमार डिका, यूनियन अथान, 7 डे डेली और डी वेव प्रमुख हैं। गौरतलब है कि म्यांमार में छह सरकारी दैनिक समाचार पत्र प्रकाशित होते हैं। इनमें म्यांमार एलिन [म्यांमार भाषा में], कीमोन [द मिरर], मायावद्दी [म्यांमार भाषा में], द न्यू लाइट ऑफ म्यांमार [अंग्रेजी] और यादानारपन [म्यांमार भाषा] प्रमुख हैं। इसके अलावा अंग्रेजी और चीनी भाषा में 200 से अधिक साप्ताहिक न्यूज जर्नल भी प्रकाशित होते हैं। साथ ही यहां 200 से ज्यादा मैगजीन का प्रकाशन होता है और करीब सात हजार निजी प्रकाशक हैं। इन सबके साथ ही करीब 20 विदेशी न्यूज एजेंसियां भी देश में अपनी सुविधाएं उपलब्ध करा रही हैं। मीडिया क्षेत्र में सुधार को दृष्टिगत रखते हुए सरकार ने दिसंबर, 2012 में निजी दैनिकों के स्वतंत्र प्रकाशन की नीति की घोषणा की थी।