न्यूयॉर्क। भारतीय मूल के अमेरिकी होटल कारोबारी विक्रम चटवाल को ड्रग्स रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। चटवाल को मंगलवार को फ्लोरिडा के एक हवाई अड्डे पर कोकीन, हेरोइन और कुछ अन्य मादक पदार्थ की गोलियों के साथ गिरफ्तार किया गया। हालांकि उन्हें अगले दिन ही जमानत मिल गई, लेकिन जांच अभी जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चटवाल को लॉडरडेल-हॉलीवुड अंतरराष्ट्रीय हवाई हड्डे पर सुरक्षा अधिकारियों ने उस समय गिरफ्तार किया जब वह मा
दक पदार्थ के साथ विमान पर चढ़ने जा रहे थे। खबरों के मुताबिक उनके पास छह ग्राम कोकीन के अलावा मैरीजुआना और दूसरी अन्य नशीली दवाई मिली है जिसका डॉक्टरी पर्चा उनके पास नहीं था। उन्होंने ड्रग्स को अपनी कोर्ट की जेब में छुपा रखा था।
चटवाल की गिरफ्तारी की पुष्टि के लिए उनके परिवार और मीडिया मैनेजर से बात करने की कोशिश की गई लेकिन वहां से किसी भी तरह की प्रतिक्रिया देने से इन्कार कर दिय गया।
41 वर्षीय विक्रम चटवाल अमेरिका के प्रसिद्ध होटल कारोबारी हैं। वह हालीवुड हस्तियों से अपने रिश्तों को लेकर खूब सुर्खियों में रहे हैं। हाल ही में उनका नाम लिंडसे लोहान से जुड़ा था। इससे पहले सलमान रुश्दी की पत्नी पद्मा लक्ष्मी से रिश्तों की खबरें भी गर्म थी। उनके बॉलीवुड अभिनेत्री प्रीटी जिंटा से भी काफी नजदीकी संबंध बताए जाते हैं।
2005 में चटवाल ने मशहूर भारतीय मॉडल प्रिया सचदेव से शादी की थी जिसमें दुनिया भर की नामी हस्तियों ने शिरकत की थी। बाद में दोनों के बीच अलगाव हो गया।
चटवाल फोर्ब्स पत्रिका के कवर पर दिख चुके हैं तो बॉलीवुड में 2004 में ‘वन डॉलर करी’, 2005 मेंच्अमिताभ बच्चन की लीड रोल वाली ‘एक अजनबी’, 2006 में ‘कर्मा’ ‘कन्फेशंस एंड होली’ और इसी साल ‘हनीमून ट्रैवल्स प्राइवेट लि.’ नामक फिल्मों में छोटी-बड़ी भूमिका निभाकर सुर्खियां बटोर चुके हैं।