वाशिंगटन। अमेरिका के एक प्रभावशाली सीनेटर ने कहा है कि ओसामा बिन लादेन को खोजने में मदद करने वाले पाकिस्तानी डॉक्टर शकील आफरीदी को जब तक जेल से रिहा नहीं कर दिया जाता अमेरिका को इस्लामाबाद से अपने राजदूत को वापस बुला लेना चाहिए। साथ ही उसे दी जाने वाली आर्थिक मदद रोक देनी चाहिए।
कैलिफोर्निया से रिपब्लिकन सांसद डाना रोहराबॉशर ने कहा कि हमें इस हीरो को बचाने के लिए शांति पूर्ण कूटनीति के बजाए दबावपूर्ण रणनीति अपनानी चाहिए। वह संसद की विदेश मामलों की एक उपसमिति के अध्यक्ष हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिकी राजदूत को वापस बुला लेना चाहिए और पाकिस्तान की आर्थिक मदद रोकने का प्रस्ताव पारित किया जाना चाहिए। यह मदद तबतक रोक देनी चाहिए जब तक वह आफरीदी को रिहा नहीं कर देता। हाल ही में आई खबरों में कहा गया था कि खराब बर्ताव के चलते आफरीदी जेल में भूख हड़ताल पर हैं।
गौरतलब है कि दो मई, 2011 को अमेरिकी अभियान में ओसामा के मारे जाने के कुछ ही दिनों बाद आफरीदी को गिरफ्तार कर लिया गया था। उन पर टीकाकरण कार्यक्रम की आड़ में ओसामा और उसके परिवार के डीएनए के नमूने हासिल करने का आरोप है। हाल ही में एक अदालत ने आफरीदी को चरमपंथियों से संबंध रखने के आरोप में 33 साल की कैद की सजा सुनाई थी। आफरीदी ने इसके खिलाफ याचिका दायर की है।