पाकिस्तान ने न्यूयॉर्क टाइम्स के रिपोर्टर को निकाला

flagन्यूयॉर्क। पाकिस्तान ने प्रतिष्ठित अमेरिकी अखबार द न्यूयॉर्क के ब्यूरो चीफ को शनिवार को होने वाले आम चुनाव से पहले देश से निष्कासित कर दिया है।

अखबार के मुताबिक पाकिस्तानी गृह मंत्रालय ने इस्लामाबाद में उसके ब्यूरो चीफ डेक्लान वाल्श को गुरुवार रात 12.30 बजे उनके घर पर पुलिस अधिकारियों ने एक पत्र थमाया, जिसमें उन्हें देश छोड़ने को कहा गया है। मंत्रालय ने देश से निकालने का कोई कारण नहीं बताया है।

आदेश में कहा गया है, ‘आपकी अवांछनीय गतिविधियों को देखते हुए आपका वीजा रद कर दिया गया है। आपको सलाह दी जाती है कि 72 घंटे के भीतर देश छोड़कर चले जाएं।’ 39 वर्षीय वाल्श पिछले नौ साल से पाकिस्तान में काम कर रहे हैं। इसमें ज्यादातर समय उन्होंने ब्रिटिश अखबार गार्जियन के लिए काम किया। जनवरी, 2012 में उन्होंने न्यूयॉर्क टाइम के साथ काम करना शुरू किया था।

अखबार की कार्यकारी संपादक जिल एब्रेम्सन ने पाकिस्तानी गृह मंत्री मलिक मुहम्मद हबीब खान से वाल्श का वीजा बहाल करने का आग्रह किया है। खान को लिखे पत्र में जिल ने कहा कि वाल्श पर लगाए गए आरोप निराधार हैं। देश में आम चुनाव से पहले उन्हें निकाले जाने पर जिल ने आश्चर्य व्यक्त किया है। इस बीच अमेरिका में मीडिया अधिकारों की रक्षा करने वाले संगठन प्रोटेक्ट जर्नलिस्ट ने वाल्श को निष्कासित करने की निंदा की है। संगठन से जुड़े बॉब डीट्ज ने कहा चुनाव की पूर्व संध्या पर वाल्श का निष्कासन यह दिखाता है कि पाकिस्तानी अधिकारी स्वतंत्र मीडिया कवरेज से कितना डरते हैं। निष्कासन के अस्पष्ट और देर रात दिए गए आदेश से इस बात का संकेत मिलता है कि ऐतिहासिक चुनावों की पूर्व संध्या पर विदेशी और स्थानीय पत्रकारों को डराने के लिए ऐसा किया गया।

error: Content is protected !!