न्यूयॉर्क। सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक पर सॉफ्टवेयर की गलती से साठ लाख यूजर्स की जानकारी अन्य लोगों के पास पहुंच गई। इसका खुलासा भी फेसबुक से नहीं हुआ बल्कि एक यूजर के ही माध्यम से हुआ है। फेसबुक ने इसको तकनीकी गलती मानते हुए कहा है कि करीब साठ लाख लोगों की जानकारी ऐसे लोगों के पास पहुंच गई जो इसके लिए ऑथराइज नहीं थे। यह सब 2012 में उनका डाटा लीक होने से हुआ।
हालांकि इतनी बड़ी गलती की जानकारी का पता फेसबुक की टीम को पिछले सप्ताह ही चला। फेसबुक के मुताबिक अब इस गलती को सुधार लिया गया है। दरअसल यह गलती फेसबुक पर पीपुल्स यू मे नो और डाउनलोड योअर इंफॉर्मेशन फीचर के आपस में मिलने के कारण हुई। इस फीचर के तहत आने वाले यूजर्स को उसके द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर फेसबुक अन्य यूजर्स की जानकारी देता है।
दरअसल फेसबुक में वाइट हैट नाम का एक प्रोग्राम है, जिसके तहत तकनीकी गड़बड़ी की जानकारी देने वाले को पांच सौ डॉलर दिए जाते हैं। फेसबुक के एक यूजर ने इसके ही तहत इस गड़बड़ी की जानकारी दी थी।