नैरोबी। केन्या के उपराष्ट्रपति विलियम रूतो अंतरराष्ट्रीय अपराध अदालत (आइसीसी) में मुकदमे का सामना करने के लिए हेग पहुंच गए हैं। 46 वर्षीय रूतो पर पांच वर्ष पहले चुनाव के दौरान हिंसा भड़काने का आरोप है।
आइसीसी में सुनवाई का सामना करने वाले वह अब तक के सबसे वरिष्ठ नेता हैं। केन्या के सांसदों ने अदालत से अपने उप राष्ट्रपति के खिलाफ मामलों को रद करने की अपील की थी।
रुतो के खिलाफ केन्या में 2007-08 के चुनावों के बाद हुई हिंसा की योजना बनाने और उसके लिए आर्थिक मदद मुहैया कराने के संबंध में आइसीसी में मुकदमा चल रहा है।
इस हिंसा में 1000 से अधिक लोग मारे गए थे और छह लाख लोग बेघर हो गए थे। केन्या के राष्ट्रपति उहुरू केनयाता के खिलाफ भी हत्याकांड की साजिश रचने को लेकर आइसीसी में दो नवंबर से सुनवाई शुरू होगी।