नई दिल्ली / दिल्ली में 5 दिन पुरानी अरविंद केजरीवाल सरकार ने विधानसभा में विश्वास मत हासिल कर लिया है। विश्वास मत के पक्ष में 37 वोट पड़े, वहीं विरोध में सिर्फ 32 वोट पड़े। इसके पहले अरविंद केजरीवाल ने विश्वास मत पर चर्चा के दौरान सदन में जोरदार भाषण दिया। उन्होंने अपने भाषण की शुरुआत में ही कहा कि जो ईमानदार है वह आम आदमी है और जो बेईमान है वह खास। साथ ही उन्होंने कहा कि आज आम आदमी भ्रष्टाचार से दुखी है। हम उसे भ्रष्टाचार मुक्त शासन दें, यह हमारी बड़ी उपलब्धि होगी। इसके पहले सरकार की ओर से शिक्षा, पीडब्ल्यूडी और शहरी विकास मंत्री मनीष सिसोदिया ने विश्वास मत पेश किया था।सदन में केजरीवाल ने कहा, ‘आज आम आदमी भ्रष्ट्राचार से दुखी है। इसी को लेकर हमने रामलीला मैदान में अन्ना के नेतृत्व में अनशन किया। धरना दिया। प्रदर्शन किया। लेकिन, नेताओं ने हमारी नहीं सुनी। नेताओं ने हमसे कहा व्यवस्था में बदलाव चाहते हो तो चुनाव लड़ो और कानून बनाओ इसलिए हम चुनाव में उतरे। आम आदमी चुनाव में उतरा। इसमें कोई फेमस आदमी नहीं है। हर चेहरा कल तक अनजान था।’ उन्होंने कहा, ‘नेताओं ने आम आदमी को नहीं पहचाना… क्योंकि इस देश का आम आदमी हल जोतता है, नेता नहीं। इस देश का आम आदमी कपड़े बनाता है, नेता नहीं। इस देश का आम आदमी चांद पर जाता है, नेता नहीं।’
नेताओं की चुनौती को स्वीकार किया
केजरीवाल ने कहा, ‘नेताओं ने आम आदमी को चुनौती दी। बदलाव चाहते हो तो, खुद चुनाव लड़ो। जैसा चाहते हो अपना कानून बनाओ इसलिए हमने चुनाव लड़ा। आम आदमी ने चुनाव लड़ा और जीता भी। हम भ्रष्टाचार को खत्म करना चाहते हैं। आम आदमी भ्रष्टाचार से मुक्ति चाहता है। अब देखना यह है कि आम आदमी की इस लड़ाई में कौन-कौन साथ देता है।’
भ्रष्टाचारियों के लिए हो कड़ा कानून
सदन में केजरीवाल ने कहा, ‘दिल्ली में ऐसा कानून पास किया जाए कि भ्रष्टाचारियों की रूह कांप जाए। ऐसा कानून बने कि भ्रष्टाचारी को तुरंत जेल में डाला जाए। सिटीजन चार्टर बनना चाहिए। आज पूरे देश में राशन कार्ड बनाना मुश्किल काम है। आम आदमी अधिकारियो के पीछे भागते-भागते परेशान हो जाता है। पैसे के लिए एक ही फुटपाथ को तोड़कर बनाते हैं लेकिन ऐसा कानून नहीं बना पाते जिससे यहां की लड़कियां खुद को सुरक्षित महसूस करें।’
स्वराज की शुरुआत दिल्ली से
अरविंद केजरीवाल ने कहा, ‘हम दिल्ली से ‘स्वराज’ की शुरुआत करना चाहते हैं। दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाना चाहते हैं। मुझे लगता है कि सदन में बैठा हर सदस्य दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाना चाहता है। केजरीवाल ने कहा, ‘बिजली कंपनियों का ऑडिट करवाना हमारे प्रमुख मुद्दों में शामिल है।’
प्राइवेट स्कूलों पर लगाम
केजरीवाल ने कहा, ‘सरकारी स्कूलों की हालत इतनी खराब है कि कोई भी व्यक्ति अपने बच्चों को इनमें नहीं पढ़ाना चाहता। हम सरकारी स्कूलों की स्थिति सुधारेंगे और प्राइवेट स्कूलों से डोनेशन को खत्म किया जाएगा। हम प्राइवेट स्कूलों की मनमानी पर लगाम लगाएंगे।’
पानी के बिल से लोग परेशान
केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में पानी भी हमारे प्रमुख मुद्दों में शामिल है। आज आम आदमी पानी के बिल को बहुत परेशान है क्योंकि पहला पानी के बिल ज्यादा आ रहे हैं। हर जगह पानी पहुंच नहीं पा रहा है। हमने दिल्ली जल बोर्ड के सीईओ से बात की है और पता लगाने को कहा है कि किन-किन इलाकों में पानी नहीं आ रहा है। अनऑथराइज्ड कॉलोनियों पर केजरीवाल ने कहा, ‘इन कॉलोनियों में जरूरी सुविधाएं नहीं हैं। वहां रहने वालों को भी जरूरी सुविधाएं मिलनी चाहिए। और हम ऐसी ही व्यवस्था बनाना चाहते हैं।’
हर चुनौती का सामना करेंगे
विश्वास मत जीतने के बाद केजरीवाल ने कहा, ‘यह आम आदमी की जीत है। यह सचाई और ईमानदारी की जीत है। आने वाले समय में हम तन-मन से हर चुनौतियों का सामना करेंगे। नई राजनीति की शुरुआत हो चुकी है। किसी भी भ्रष्टाचारी को नहीं बख्शेंगे। चाहे वह कोई भी हो। हम 15-20 दिनों में जनलोकपाल बिल लाने की कोशिश करेंगे।’
हर्षवर्धन, लवली ने क्या-क्या कहा- -हमने इतने सालों में मेट्रो के अंदर किसी कानून को टूटते नहीं देखा, आपने कानून की छज्जियां उड़ा दीं।
-आप कहते हैं सारी राजनीतिक पार्टियां भ्रष्ट हैं, आपकी ही पार्टी ईमानदार है। आप कांग्रेस को भ्रष्ट कहते हैं और उससे समर्थन लेेने में कोई ऐतराज भी नहीं है। कल अगर हम मोदी जी की सरकार बनाने के लिए गठबंधन बनाते हैं, तो आपको यह बात भी अखरती है।
-केजरीवाल कहते हैं कि वह सुरक्षा नहीं लेंगे, लेकिन उनके लिए तीन लेयर की सिक्यॉरिटी है।
-आम आदमी पार्टी ने चंद लोगों के कहने पर सरकार बनाई
-आपने एक और कहानी सुनाई कि आपने इनकम टैक्स कमिश्नर के पद से इस्तीफा दिया। वहां करोड़ों कमा सकते थे। आईआरएस असोसिएशन ने बताया कि आप कभी कमिश्नर नहीं थे, तो फिर आपने कहा कि चिदंबरम के कहने पर असोसिएशन ऐसा कह रही है। सच क्या है, जनता जवाब चाहती है।
-मनीष सिसोदिया के एनजीओ को विदेशों से करोड़ों का चंदा मिला है।
-आपने जिनके घर मीटर लगा है उनको मुफ्त पानी देने की घोषणा की है। दिल्ली के लाखों लोग झोपड़ियों में रहते हैं। उनको आज भी पानी नहीं मिलता है। 10 लाख से ज्यादा लोगों के घर में मीटर नहीं लगा है।
-फरवरी में पानी का बिल आएगा तो लोगों को फ्री पानी की हकीकत पता चल जाएगी।
-कांग्रेस से हाथ मिलाने के बाद AAP को भ्रष्टाचार के बारे में बात करने का अधिकार नहीं है
-केजरीवाल बटला हाउस, कश्मीर को लेकर दिए गए बयान और विदेशी चंदे पर माफी मांगें
-बिना सब्सिडी वाले सिलेंडर, सीएनजी और पानी के बढ़े दाम कब वापस होंगे?
-जनता का ही पैसा जनता की जेब से निकालकर बिजली कंपनियों की जेब में डाला जा रहा है।
-केजरीवाल सरकारी बंगला न लेने की बात करते हैं, जबकि मुझे जानकारी है कि उनके लिए तिलक नगर में दो बड़े फ्लैट रिजर्व किए गए हैं।
-रामलीला मैदान में 4000 पुलिस लगाई गई थी, शपथ ग्रहण के लिए स्पेशल मेट्रो