वडोदरा। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से प्रधानमंत्री के दावेदार व गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी वडोदरा लोकसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। मोदी वर्तमान में अहमदाबाद शहर के मणिनगर विधानसभा क्षेत्र के मतदाता हैं। वडोदरा शहर के तहसीलदार को इस संबंध में पिछले सप्ताह प्रमाण पत्र प्रस्तुत किया गया है। इस कारण लगभग तय माना जा रहा है कि मोदी वडोदरा लोकसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। लोकसभा का चुनाव तो देशभर में किसी भी सीट से लड़ना संभव है, लेकिन इसके लिए प्रत्याशी को जिस क्षेत्र की मतदाता सूची में अपना नाम हो, वहां का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना पड़ता है। यह अटकलें भी चल रही हैं कि मोदी गुजरात व उत्तरप्रदेश की एक-एक सीट से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे।
वडोदरा लोकसभा सीट भाजपा के लिए सुरक्षित मानी जा रही है। इस सीट से वर्तमान सांसद बालकृष्ण शुक्ल वर्ष 2009 के लोकसभा चुनाव में देशभर में सर्वाधिक वोटों से चुनाव जीतने वाले प्रत्याशियों में दूसरे क्रम पर थे। इस सीट से इस बार भाजपा के 58 नेताओं व कार्यकर्ताओं ने दावेदारी जताई, इसलिए मोदी को इस सीट से चुनाव लड़ाने का प्रस्ताव भी रखा गया है। स्थानीय नेताओं व कार्यकर्ताओं ने वडोदरा लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने के लिए मोदी से कई बार आग्रह भी किया है। इसके अलावा 6 लाख वोटों से मोदी की जीत के लिए पिछले महीने एसएमएस अभियान भी भाजपा की ओर से शुरू किया गया है। इसके लिए तर्क दिया जा रहा है कि बिहार से रामविलास पासवान साढ़े 5 लाख वोटों से चुनाव जीतने का रिकार्ड बना चुकेे हैं और मोदी को रिकार्ड तोड़कर विजयी बनाने के लिए स्थानीय कार्यकर्ता तत्पर हैं।
