कुछ राज्यों में दावेदारों की खींचतान से मोदी क्षुब्ध

modiविधानसभा चुनावों से पहले प्रदेश के नेताओं में बढ़ रही होड़ ने भाजपा नेतृत्व को नाराज कर दिया है। खासकर हरियाणा की अंदरूनी लड़ाई से खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी क्षुब्ध हो गए हैं। झारखंड और दिल्ली के नेताओं को भी कड़े संकेत दे दिए गए हैं। अगले कुछ महीनों में चुनाव में जा रहे राज्यों के नेताओं को मिलजुल कर काम करने का स्पष्ट संकेत दे दिया गया है। आगाह कर दिया गया है कि अगर उनका रवैया नहीं बदला तो कार्रवाई भी हो सकती है।

तीन दिन पहले भाजपा मुख्यालय में सरकार और संगठन की बैठक और बाद में रात्रिभोज था। सूत्रों के अनुसार चुनाव में जाने वाले राज्यों पर खास चर्चा हुई। उन राज्यों में पार्टी नेतृत्व को भी बैठक में बुलाया गया था। बताते हैं कि मोदी हरियाणा के नेताओं से खासे नाराज थे। उन्होंने कहा-‘ लोकसभा चुनाव के बाद से हरियाणा की स्थिति सबसे खराब हुई है। वहां हर कोई मुख्यमंत्री पद का दावेदार है।’ उन्होंने आगे कहा, ‘मैंने हरियाणा में लंबा समय गुजारा है, मुझे जानकारी है।’

गौरतलब है कि प्रदेश में हजकां से रिश्ता तोड़कर अकेले दम चुनाव लड़ने की मंशा के बीच प्रदेश के चार से पांच नेता अलग-अलग स्तर पर अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं। इतना ही नहीं कुछ नेताओं ने तो अपने पोस्टर तक छपवा कर रख लिए हैं। ऐसी स्थिति में केंद्रीय नेतृत्व आशंकित है कि लोकसभा चुनाव में बना माहौल कहीं कमजोर न पड़ जाए। ऐसा हुआ तो हरियाणा में पहली बार अपने नेतृत्व में सरकार बनाने का भाजपा का सपना बिखर सकता है। केंद्रीय नेतृत्व और खासतौर पर मोदी यह स्थिति बनने देना नही चाहते हैं।

सूत्र बताते हैं कि हरियाणा के नेताओं को जहां खुली चेतावनी दी जा चुकी है, वहीं झारखंड और दिल्ली जैसे राज्यों के नेताओं के लिए भी कड़े संकेत हैं। गौरतलब है कि दिल्ली में भाजपा के कई नेता सोशल मीडिया के जरिये मुख्यमंत्री पद के लिए अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं। झारखंड में तो परोक्ष रूप से गाली गलौज की स्थिति बनने लगी है। बताते हैं कि हर नेता की गतिविधि पर पूरी नजर रखी जा रही है। सही वक्त आने पर कार्रवाई भी हो सकती है।

error: Content is protected !!