भाजपा सांसद यशवंत सिन्हा ने केंद्र पर आरोप लगाते हुए कहा है कि केंद्र सरकार उनका और उनके परिवार के सदस्यों का फोन टेप करा रही है। उन्होंने कहा कि जिस दिन से उन्होंने वित्त मंत्री पी चिदंबरम की एयरसेल-मैक्सिस से निकटता का मामला उठाया है उस दिन से उनके फोन टेप किए जा रहे हैं।
भाजपा नेता ने कहा कि ऐसा करके उनके ऊपर दवाब बनाने का काम किया जा रहा है, लेकिन उन्हें इसकी चिंता नहीं है। न ही उनके परिवार के लोग इससे भयभीत हैं। यह कृत्य कांग्रेस की गलत मानसिकता को दर्शाता है। यशवंत ने कोल ब्लॉक आवंटन में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और उनके कार्यालय की भूमिका को भी संदिग्ध बताया। रांची में उन्होंने शुक्रवार को कहा कि वर्ष 2006 से 2009 के बीच आवंटित किए गए कोल ब्लॉकों में बड़े खेल हुए है। ब्लॉकों का आवंटन बिना प्रधानमंत्री के हस्ताक्षर के हो ही नहीं सकता। जैसा राजा, मारन के साथ हुआ वैसा ही प्रधानमंत्री के साथ होना चाहिए। वहीं यशवंत ने केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय के इस्तीफे की मांग भी की है।
Comments are closed.