उधार के रैकेट से बना नेशनल चैंपियन

अगर किसी इंसान के अंदर कुछ कर गुजरने का जज्बा हो, तो कोई भी मुश्किल उसे अपना लक्ष्य हासिल करने से नहीं रोक सकती। इस तरह वह दूसरों के लिए मिसाल बन जाता है। अमृतसर के विकास कुमार ने कुछ ऐसी ही मिसाल पेश की है। विकास कड़ी मेहनत से अमीरों का खेल कहे जाने वाले लॉन टेनिस में नेशनल चैंपियन बन गरीब खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा स्त्रोत बन गए। प्रतियोगिता के दौरान विकास का रैकेट टूट गया था। उसने साथी खिलाड़ी से उधार का रैकेट लेकर अपना लक्ष्य हासिल किया।

पिछले दिनों गुरुनगरी में कंपनी बाग स्थित महाराजा रंजीत सिंह टेनिस कंाप्लेक्स में पंजाब स्टेट लॉन टेनिस एसोसिएशन द्वारा ऑल इंडिया टेनिस एसोसिएशन का राष्ट्रीय स्तरीय टेलेंट सीरीज टेनिस टूर्नामेंट आयोजित किया गया था। इसमें 11 विभिन्न राज्यों के टेनिस खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। डीएवी सीनियर सेकेंडरी स्कूल हाथी गेट में नौवीं कक्षा में पढ़ने वाले विकास ने इस प्रतियोगिता में लड़कों के अंडर-14 वर्ग का खिताब अपने नाम किया। विकास के पिता बंसी राम महाराजा रंजीत सिंह टेनिस कांप्लेक्स में ग्राउंड्स मैन हैं।

बंसी राम ने बताया, ‘जब विकास पहली कक्षा में था, तभी से वह मेरे साथ टेनिस कांप्लेक्स आने लगा था। एक दिन उसके दिल में टेनिस खिलाड़ी बनने की बात घर कर गई और वह खेलने की जिद करने लगा। बेटे की जिद को पूरा करने के लिए मैंने लोगों से उधार लेकर रैकेट खरीदा। प्रतियोगिता के वक्त रैकेट टूट जाने पर विकास ने साथी खिलाड़ी के रैकेट से फाइनल मुकाबला जीतकर मेरा और अपना ख्वाब पूरा किया।

error: Content is protected !!