नई दिल्ली, 15 फरवरी। जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) प्रकरण पर कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के रुख की भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष अमित शाह द्वारा की गई आलोचना पर कांग्रेस ने कड़ी प्रतिक्रिया की है। पार्टी ने कहा है कि उसे देशभक्ति का पाठ उन लोगों से नहीं पढ़ना है, जो महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे की विचारधारा के वारिस हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने यहां संवाददाताओं से कहा, “जिन्होंने महात्मा गांधी की विचारधारा की हत्या की और जो नाथूराम गोडसे की विचारधारा के वारिस हैं, उन्हें कांग्रेस और देश को देशभक्ति की नई परिभाषा पढ़ाने की जरूरत नहीं है।”
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का इतिहास आतंकवाद से लड़ाई का रहा है। पार्टी नेताओं ने देश की एकता और अखंडता के लिए जान की कुर्बानियां दी हैं। कांग्रेस प्रवक्ता ने मोदी सरकार पर युवाओं और छात्रों की आवाज दबाने का आरोप लगाया।
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि जिस किसी ने भी जेएनयू में गलत हरकत की है, उसे सजा मिलनी चाहिए। लेकिन, “यह बिल्कुल भी सही नहीं है कि मोदी सरकार के खिलाफ आवाज उठाने वाला राष्ट्र विरोधी है।”
सुरजेवाला ने कहा, “देश में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता है। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी का यही विचार है।”
उन्होंने कहा कि सरकार को अपने खिलाफ आवाज उठाने वालों का दमन करने के बजाए शासन पर ध्यान देना चाहिए।