शाहपुर के विकास में नाकाम रहीं स्थानीय विधायक : मनकोटिया

प्रदेश के भाजपा नेता केंद्रीय योजनाओं का श्रेय लेने के साथ ही केंद्र पर हिमाचल की अनदेखी का आरोप लगाते आए हैं जबकि सच्चाई यह है कि भाजपा प्रदेश के विकास में नाकाम रही है। ये शब्द शाहपुर विस क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी मेजर विजय सिंह मनकोटिया ने कहे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमेशा ही विकास के नाम पर जनता को गुमराह किया है जबकि कांग्रेस ने जो कहा वह कर दिखाया। मंगलवार को शाहपुर हलके के सुधेड़, चड़ी और डढम्ब में चुनावी जनसभाओं को संबोधित करते हुए मनकोटिया ने कहा कि अपनी हार को सामने देखकर भाजपा नेता बौखलाहट में हैं। पिछले चुनावों में क्षेत्र की जनता ने विकास की आस से क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी को विधानसभा भेजा था लेकिन प्रदेश सरकार में मंत्री रहने के बावजूद स्थानीय विधायक क्षेत्र का विकास करवाने में नाकाम रहीं।

 

उन्होंने कहा कि भाजपा की युवा, मजदूर, किसान व कर्मचारी विरोधी नीतियों के चलते जनता ने भाजपा को सत्ता से बाहर करने का मन बना लिया है। भाजपा कार्यकाल में कांग्रेस समर्थित पंचायत प्रतिधिनियों व कार्यकर्ताओं को प्रताडि़त किया गया। क्षेत्र की जनता इस बार पिछले चुनावों की गलती को नहीं दोहराएगी, क्योंकि जनता जान चुकी है कि क्षेत्र के हित कांग्रेस के हाथों में सुरक्षित हैं। मनकोटिया ने कहा कि केंद्रीय योजनाओं को अपना बताकर जनता को गुमराह करने वाले भाजपा नेताओं की कथनी व करनी के अंतर को लोग जान चुके हैं।

 

प्रदेश के समान विकास का राग अलापने वाली भाजपा सरकार के कार्यकाल में शाहपुर विधानसभा क्षेत्र पिछड़ कर रह गया है। शाहपुर के चंगर में आज भी किसान आवारा पशुओं व जंगली जानवरों की समस्या से परेशान हंै। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकाल में हुए भ्रष्टाचार के चलते जनता का भाजपा से मोहभंग हो चुका है व प्रदेश में बदलाव की लहर है।

error: Content is protected !!