हाल ही में अखिलेश सरकार को सौ में सौ नंबर देने वाले केंद्रीय इस्पात मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा ने अब उत्तर प्रदेश सरकार की नीति और नीयत पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ताबड़तोड़ दंगे चिंता का विषय हैं। इसके लिए सरकार में बैठे लोग जिम्मेदार है। इस्पात मंत्री शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में सपा की सरकार बनने के बाद सांप्रदायिक दंगे बढ़े हैं। प्रशासन व सत्ता के लोग दंगों को रोकने से विफल रहे हैं। उन्होंने कहा कि शुजागंज से लेकर फैजाबाद तक आठ घंटे तक दंगा होता रहा लेकिन किसी ने संज्ञान नहीं लिया। सरकार मुसलमानों की बेटियों के विवाह व पढ़ाई के लिए 30-30 हजार रुपया बांट रही है। क्या अकेले मुसलमान ही गरीब हैं? अगर 70 फीसद मुसलमान गरीब हैं, तो 95 फीसद अनुसूचित जाति, 25 फीसद पिछड़े और 10 फीसद सामान्य वर्ग के लोग बेहद गरीबी का जीवन जी रहे हैं। सरकार लाभ देने में गरीबी को आधार क्यों नहीं बनाती? उन्होंने कहा कि सरकार 30 हजार देकर मुसलमानों के वोटों का सौदा कर रही है और उन्हें लुटने को विवश कर रही है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि लोग कहते थे कि सपा और भाजपा एक दूसरे के पूरक हैं। सरकार की नीतियों और दंगों से यह बात सच होती दिख रही है। उन्होंने कहा कि मुस्लिम को हमेशा सपा ने वोट बैंक के रूप में माना है।
