भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी मुहिम की दोबारा शुरुआत करने से पहले अन्ना हजारे शनिवार को अपनी कोर कमेटी के नए सदस्यों का नाम तय करने के लिए दिल्ली में बैठक कर रहे हैं। लेकिन इस बैठक में दो बड़े नामों के शरीक न होने की वजह से कई तरह के सवाल भी उठने शुरू हो गए हैं। दरअसल आज हो रही इस बैठक में पूर्व सेना प्रमुख जनरल वीके सिंह हिस्सा नहीं ले रहे हैं, वहीं कर्नाटक के पूर्व लोकायुक्त संतोष हेगड़े भी आज की बैठक से नदारद हैं। हालांकि बताया यह जा रहा है कि दोनों ही निजी कारणों की वजह से इस बैठक का हिस्सा बनने से रुक गए हैं। माना जा रहा है कि अन्ना आज अपनी नई टीम का ऐलान करेंगे।
गौरतलब है कि अरविंद केजरीवाल से अलग होने के बाद अन्ना पहली बार अपनी नई कोर कमेटी के सदस्यों का नाम तय करने के लिए बैठक कर रहे हैं। दिल्ली में हो रही इस बैठक में मेधा पाटेकर, किरण बेदी समेत कई अन्य चेहरे मौजूद हैं। संतोष हेगड़े इस अहम बैठक के समय बेंगलूर में बताए जा रहे हैं। आज बैठक में पहुंचने वालों की लिस्ट में संतोष हेगड़े और पूर्व सेनाध्यक्ष का नाम भी शामिल था। लेकिन जनरल सिंह की गैरमौजूदगी ने अन्ना की इस टीम पर कई सवालिया निशान लगा दिए हैं।
इसमें पूर्व सेना प्रमुख वीके सिंह को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है।
गुवाहाटी में कुछ कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के बाद शुक्रवार को हजारे राजधानी पहुंचे। आज हो रही बैठक में अन्ना अपने करीबियों के साथ भविष्य की रणनीति पर चर्चा कर रहे हैं। उनकी 16-17 सदस्यीय नई टीम में किरण बेदी, मेधा पाटकर, अखिल गोगोई और पूर्व महानिदेशक (पंजाब जेल) शशि कांत शामिल हैं। सूत्रों के मुताबिक, पहली बैठक के बाद हजारे टीम का विस्तार करेंगे। इनमें उन लोगों को शामिल किया जाएगा जो पूर्व में उनके साथ काम कर चुके हैं। पीवी राजगोपाल, राजेंद्र सिंह जैसे अन्य कार्यकर्ता भी टीम से जुड़ेंगे। बेदी ने कहा कि नई टीम में नए और पुराने दोनों तरह के सदस्य हैं। नए सदस्यों में पूर्व आइएएस अधिकारी अविनाश धर्माधिकारी, कृषि विशेषज्ञ विश्वजीत और ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) ब्रिजेंद्र कोखर शामिल हैं। व्यस्तता के चलते हेगड़े बैठक में हिस्सा नहीं लेंगे। इससे पहले खबरें यह भी आ रही थीं, कि बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान भी अन्ना हजारे की टीम का हिस्सा बन सकते हैं।