शीला दीक्षित का निधन

दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष शीला दीक्षित का शनिवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 81 साल की थीं। कल दोपहर 2:30 बजे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि उन्हें सुबह सीने में जकड़न की शिकायत के बाद फोर्टिस एस्कार्ट्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। लंबे समय से बीमार चल रहीं दीक्षित सबसे ज्यादा 15 वर्ष( 1998-2013) तक दिल्ली की मुख्यमंत्री रहीं।
फोर्टिस एस्कॉर्ट अस्पताल की ओर से जारी बुलेटिन में कहा गया कि उन्हें शनिवार सुबह भर्ती कराया गया था। दिल का दौरा पड़ने के चलते उनकी स्थिति गंभीर थी। डॉ. अशोक सेठ के नेतृत्व में कई डॉक्टर उनकी देखभाल कर रहे थे, लेकिन उन्हें दोपहर में एक बार फिर से दिल का दौरा पड़ा और दोपहर 3:55 पर उनका निधन हो गया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के निधन पर ट्वीट करते हुए लिखा- “शीला जी के निधन से काफी दुख हुआ। उन्होंने दिल्ली के विकास में काफी अहम योगदान दिया था। उनके परिवार और समर्थकों को सांत्वना।” उनके निधन पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद व उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने गहरा शोक व्यक्त किया।

error: Content is protected !!