मणिपुर में प्रदर्शनकारियों पर फायरिंग, पत्रकार की मौत

अभिनेत्री के साथ दु‌र्व्यवहार के आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग के समर्थन में आयोजित बंद के दौरान पुलिस फायरिंग में एक पत्रकार नानाओ सिंह की मौत हो गई। रविवार दोपहर कांग्रेस शासित मणिपुर के इंफाल में पश्चिम जिले के थंगमेबंद इलाके में बंद के दूसरे दिन प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की एक गाड़ी को आग लगा दी। इस पर गुस्साई पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर गोली चला दी। इसी फायरिंग में पत्रकार की मौत हो गई। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने इंफाल पूर्व और पश्चिमी जिलों में रविवार दो बजे से अगले 16 घंटे का क‌र्फ्यू लगा दिया है।

प्राइम टाइम न्यूज चैनल के रिपोर्टर नानाओ सिंह के सीने में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पत्रकार की मौत का समाचार फैलते ही मणिपुर के विभिन्न भागों खासकर इंफाल पूर्व और पश्चिम जिलों में हिंसा भड़क उठी। बंद समर्थकों की मांग है कि अभिनेत्री मोमोको के साथ कंसर्ट में दु‌र्व्यवहार करने वाले नगा उग्रवादी को गिरफ्तार किया जाए। दो दिन से इसी मांग के समर्थन में बंद किया जा रहा है और लोग सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी जगह-जगह वाहनों में आग लगा रहे हैं। सड़कों पर टायर जलाकर पुलिस वाहनों को रोका जा रहा है। रविवार को प्रदर्शनकारियों ने लंफेल थाने के प्रभारी की गाड़ी में आग लगा दी। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने पूर्वी व पश्चिमी इंफाल में कुल चार वाहनों को अगा के हवाले कर दिया।

पत्रकार नानाओ सिंह की मौत पर राज्य के गृहमंत्री गईखंगम ने अस्पताल पहुंचकर शोक जताया। उन्होंने आंदोलनकारियों से शांति की अपील की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री दिल्ली जाकर केंद्रीय गृहमंत्री से बात कर रहे हैं। देर रात मणिपुर फिल्म फोरम [एमएफएफ] ने बताया कि लोगों की मांग पर क्रिसमस के मद्देनजर बंद को 26 दिसंबर की आधी रात तक के लिए टाल दिया गया है।

error: Content is protected !!