महिलाओं पर महिला सांसदों के ही सुर मद्धम

महिलाओं की हिफाजत को लेकर हो रही सियासत के बीच संसद का विशेष सत्र बुलाने और शासन तंत्र की नाकामी के राजनीतिक नारे खूब लग रहे हैं। खास तौर पर महिला सांसदों का गुस्सा भी नजर आ रहा है। लेकिन, संसद में महिलाओं की सुरक्षा और उनके हक की आवाज बुलंद करने के मुद्दे पर अक्सर उनके काफी मद्धम सुर सुनाई पड़ते हैं।

संसद के दोनों सदनों में फिलहाल 87 महिला सदस्य हैं, लेकिन उनके द्वारा महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर सवाल पूछने का आंकड़ा काफी कम है। संसद में पूछे गए सवालों का रिकॉर्ड बताता है कि दिल्ली में 23 वर्षीय युवती के साथ गैंगरेप मामले को लेकर राज्यसभा में सपा सदस्य जया बच्चन के आंसू जरूर निकल आए थे, लेकिन उन्होंने बीते तीन सालों में महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर केवल पांच सवाल पूछे। टीवी धारावाहिकों में बहू की भूमिका से लोकप्रियता हासिल कर संसद पहुंचीं भाजपा की स्मृति ईरानी द्वारा सितंबर,2011 से लेकर अब तक पूछे गए 188 सवालों में से मात्र चार महिलाओं से जुड़े विषयों पर थे। राच्यसभा की उप सभापति रहीं नजमा हेपतुल्ला के नाम महिलाओं से जुड़े विषय पर केवल एक विशेष उल्लेख दर्ज है, लेकिन प्रश्न एक भी नहीं। कुछ ऐसा ही रिकॉर्ड पूर्व महिला एवं बाल विकास मंत्री रेणुका चौधरी का भी है जिन्होंने अगस्त, 2012 से शुरू हुए अपने नए कार्यकाल में एक भी सवाल महिलाओं से जुड़े विषय पर नहीं पूछा।

लेकिन, कांग्रेस सदस्य प्रभा ठाकुर जैसे अपवाद भी हैं जिन्होंने एक साल के दौरान एक दर्जन से ज्यादा मर्तबा महिलाओं के खिलाफ अपराध और उनकी परेशानी के विषय उठाए हैं। लोकसभा में भी तस्वीर कुछ जुदा नहीं है। सत्तारूढ़ गठबंधन की मुखिया, नेता विपक्ष और लोकसभा अध्यक्ष पद पर महिला होने के बावजूद इस सदन में अपनी पार्टी के भीतर प्रभाव रखने वाली महिला सांसद भी सवालों के जरिये महिलाओं के विषय उठाने को लेकर सुस्त नजर आती हैं। राष्ट्रीय महिला आयोग की मुखिया रहीं गिरिजा व्यास ने बीते डेढ़ साल के दौरान इस संबंध में एक सवाल भी नहीं पूछा।

नवंबर, 2012 में शहरी विकास राच्य मंत्री की जिम्मेदारी संभालने से पहले दीपा दासमुंशी ने 15वीं लोकसभा में महिलाओं और उनकी हिफाजत से जुड़े मसलों पर दर्जन से ज्यादा सवाल नहीं पूछे। पंजाब के उप मुख्यमंत्री सुखबीर बादल की पत्नी और शिरोमणि अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर के नाम भी महिलाओं की स्थिति पर पंद्रह से ज्यादा सवाल नहीं हैं।

error: Content is protected !!