विश यू वेरी हैप्पी मैरी क्रिसमस। आज का दिन ही बेहद खास है। भारत समेत पूरी दुनिया में क्रिसमस को लेकर लोग बेहद उत्साहित हैं। जहां बाजारों में रौनक है वहीं आज जगह जगह जिंगल बेल के साथ सांता अपने नन्हें मुन्ने दोस्तों को गिफ्ट देने के लिए भी निकलने के लिए तैयार हैं। लेकिन इन सभी के बीच दिल्ली में क्रिसमस की तैयारियां कुछ फीकी सी नजर आ रही है। गैंगरेप के आंदोलन ने इस त्यौहार की रौनक कम कर दी है।
देश की राजधानी दिल्ली में इस बार क्रिसमस की रौनक कम होने की कुछ खास वजह हैं। जहां एक ओर दिल्ली के लोग गैंगरेप की घटना से आहत हैं वहीं जहां इसको लेकर सबसे ज्यादा चहल-कदमी होती थी वही कनाट प्लेस आज खुदाई की वजह से क्रिसमस को पूरी तरह से सेलीब्रेट नहीं कर पा रहा है।
बीते कुछ दिनों से राजधानी में चल रहे आंदोलन की गूंज दिल्ली के इंडिया गेट और सीपी में सुनाई दे रही है। जो क्रिसमस सेलिब्रेशन का मुख्य स्थान माना जाता है। सुरक्षा के मद्देनजर दो दिनों से कई मेट्रो स्टेशन बंद है। आज भी आलम कुछ ऐसा ही है। क्योंकि आज ऑफिस और सरकारी कार्यालय की छुंट्टी है, लोगों को ज्यादा परेशानी नहीं होगी लेकिन अगर आप जश्न मनाने के लिए इंडिया गेट या राजपथ जाने की तैयारी में हैं, तो मूड बदल लीजिए। मंगलवार को भी इंडिया गेट से संबंधित मार्गो को सील किया जा सकता है। ट्रैफिक पुलिस संयुक्त आयुक्त सत्येंद्र गर्ग ने बताया कि मंगलवार को सुरक्षा कारणों से इंडिया गेट समेत नई दिल्ली के प्रमुख मार्गो पर आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
गैंगरेप मामले में आक्रोश को देखते हुए सोमवार को इंडिया गेट व राजपथ के पूरे इलाके को सील कर दिया गया। इधर, जाने वाले सभी मार्गो को कई किलोमीटर दूर ही चार-चार स्तरीय बेरीकेडिंग कर और सैकड़ों की संख्या में पुलिस बल तैनात कर सील कर दिए गए हैं।
पूरे इंडिया गेट सर्किल व राजपथ के आसपास अघोषित कर्फ्यू जैसा नजारा रहा। दिल्ली पुलिस प्रवक्ता राजन भगत के मुताबिक इंडिया गेट के आसपास धारा 144 लगा दिया गया है, जो अगले आदेश तक इसी तरह रहने की संभावना है। इंडिया गेट व राजपथ पहुंचने के सभी मार्गो पुराना किला रोड, शेरशाह रोड, जाकिर हुसैन रोड, पंडारा रोड, अकबर रोड, राजपथ, अशोका रोड, तिलक मार्ग व केजी मार्ग को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। इन सभी मार्गो पर एक-एक कंपनी से अधिक पुलिस बल तैनात कर दिए गए। इसके अलावा इन मार्गो पर एडिशनल पुलिस कमिश्नर व डीसीपी स्तर के अधिकारियों की तैनाती कर दी गई।
बताया जाता है कि इंडिया गेट व राजपथ के इलाके को रविवार रात खाली करा कर पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। सभी मार्गो पर महिला पुलिस के अलावा क्यूआरटी, इमरजेंसी रिस्पोंस वेकिल, रैपिड एक्शन फोर्स, दिल्ली पुलिस के कमांडो दस्ता, स्क्वैड दस्ता व पीसीआर की भी तैनाती की गई। पूरी दिल्ली के सभी थानों से एक-एक इंस्पेक्टर व 10-10 पुलिसकर्मियों को सोमवार सुबह छह बजे ही इंडिया गेट बुला लिया गया था। पुलिस अधिकारियों व कर्मियों को निर्देश दिया गया है वे थानों में ही रहेंगे। सभी की छुट्टियां भी रद्द कर दी गई है।