ठंड ने जहां साल के अंतिम दिन लोगों में सिहरन पैदा कर दी वहीं नए साल का आगाज भी रिकॉर्ड ठंड से हुआ। साल के पहले दिन चार साल का रिकॉर्ड टूटा। इससे पहले साल 2008 में कम तापमान था।
उत्तर भारत का मैदानी इलाका भीषण ठंड की चपेट में है। बीते चौबीस घंटों में आगरा और नारनौल (हरियाणा) सबसे ठंडे रहे, जहां पर पारा गिरकर 0.9 और 0.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा। राजस्थान के चुरू में भी पारा 0.7 डिग्री तक गिरा। राजधानी दिल्ली भी इस मौसम में सबसे ठंडी रही और उसका न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
साल के पहले दिन आगरा में पारा लुढ़ककर 0.9 डिग्री पर पहुंच गया, जो प्रदेश में सबसे कम है। एक पखवाड़े में तीसरी बार आगरा सबसे ठंडा रहा है। गलन व ठिठुरन ने लोगों को बेहाल कर दिया। कोहरे के चलते सड़क व रेल यातायात भी प्रभावित रहा। ट्रेनें पांच से बीस घंटे तक लेट रहीं। सोमवार के मुकाबले मंगलवार को घना कोहरा रहा। हालांकि कुछ देर के लिए धूप निकली। लेकिन उसमें गर्मी नहीं थी। अधिकतम तापमान में चार डिग्री की कमी आई और यह 14.2 डिग्री पर पहुंच गया। न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री लुढ़ककर 0.9 पर पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को तापमान शून्य डिग्री तक पहुंच सकता है।
तस्वèरों में देखें देश के अन्य हिस्सों में सर्दी की मस्ती
दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, बिहार और झारखंड इस समय शीतलहर की चपेट में हैं।
राजधानी में मंगलवार को न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्शियस और अधिकतम तापमान 15.3 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि कुछ जगहों पर इससे भी कम तापमान रहा। बुधवार को तापमान में कुछ बढ़ोतरी होगी। उत्तरी राज्यों में हो रही भारी बर्फबारी की वजह से राजधानी में दिन भर कंपकंपी छूटती रही। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को राजधानी में अधिकतम तापमान में भी कमी दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 15.3 डिग्री रहा जो सामान्य तापमान से पांच डिग्री कम है। इसके अलावा न्यूनतम तापमान में भी तीन डिसे की गिरावट आई है। जगह जगह लोगों ने आग जलाकर ठंड से राहत पाई।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार दिल्ली के आया नगर में तो तापमान चार डिग्री से भी नीचे चला गया था। यहां न्यूनतम तापमान 3.7 डिग्री और अधिकतम तापमान 13 डिग्री रहा। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान 16 डिग्री और न्यूनतम तापमान 5 डिग्री रहने की संभावना है।