भिवानी में आठवीं कक्षा की एक छात्रा को सहेली व उसकी मां ने बेहोश कर आधा दर्जन युवकों के हवाले कर दिया। छात्रा के साथ आरोपियों ने पूरी रात सामूहिक दुष्कर्म किया और सुबह उसे छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने उसकी सहेली व मां सहित आठ लोगों पर सामूहिक दुष्कर्म व अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
दादरी नगर की गोशाला के समीप सैनीगंज मुहल्ला में रहने वाली पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह नगर के ही कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आठवीं कक्षा की छात्रा है। मंगलवार शाम करीब चार बजे उसके पड़ोस में रहने वाली सहेली सोनू उसे घर से बुलाकर अपने घर ले गई। वहां पर सहेली व उसकी मां ने उसे कोई नशीला पदार्थ सुंघा दिया। इसके बाद वह अचेत हो गई। बाद में वहां कार लेकर पहुंचे छह युवक उसे अपने साथ महेंद्रगढ़ रोड पर ले गए। वहां रातभर उसके साथ उन्होंने सामूहिक दुष्कर्म किया। इस घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देकर बुधवार को सुबह आरोपियों ने उसे छोड़ दिया। इसके बाद वह बदहवास हालत में घर पहुंची तथा परिजनों को घटना की जानकारी दी। रातभर लड़की को तलाश करते फिर रहे परिजन लड़की को लेकर दादरी सिटी थाना पहुंचे। एसपी सिमरदीप सिंह तुरंत दादरी पहुंचे और छात्रा व उसके परिजनों से मिलने के बाद आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी के आदेश दे दिए।
वहीं, सैनी समाज की लड़की से सामूहिक दुष्कर्म की घटना का पता लगते ही सैनी समाज के लोग थाना परिसर पहुंच गए। सिटी पुलिस ने इस संबंध में पीड़िता की सहेली सोनू व उसकी मां, दुष्कर्म के मुख्य आरोपी स्थानीय सिंघान पाना निवासी सोनू, गांव ढाणी फौगाट निवासी रोहित व चार अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।