केबीसी ने बनाया मजदूर के बेटे को लखपति

दानापुर से बमुश्किल पांच-छह किलोमीटर की दूरी। यहीं है जमसौत मुसहरी। मुसहरी के इंदिरा आवास संख्या 156 में रहते हैं महेश मांझी और उनका परिवार। महेश खेतिहर मजदूर हैं और पत्नी शांति आंगनबाड़ी केन्द्र पर खाना बनाती हैं। इन्हीं दोनों के लाल हैं मनोज। उसका सपना एक कामयाब इंजीनियर बनने और एक बड़ी फैक्ट्री लगाने का है, जिसमें वह खासकर अपने समुदाय के दिहाड़ी मजदूरों को नियमित रोजगार दिला सके।

महेश और शांति को बेटे की योग्यता पर यकीन था। भरोसा था कि बेटा एक दिन बड़ा आदमी बनेगा। सभी उस वक्त थोड़े सहमे जब मुंबई की वीडियो टीम उनके घर पहुंची। बाद मां-बाप को पता चला कि बेटे मनोज ने सोनी टीवी पर प्रसारित होने वाले शो कौन बनेगा करोड़पति (केबीसी) शो में 25 लाख रुपये जीते हैं। मनोज इस रकम से अपने आवासीय स्कूल शोषित सेवा संघ की मदद करेंगे। मुसहर समुदाय के बच्चों के लिए यह नि:शुल्क आवासीय स्कूल है और मनोज यहां बीते छह वर्षो से अध्ययनरत है और इंटर में पहुंच चुके हैं।

सेवानिवृत्त आइपीएस अफसर जेके सिन्हा और निदेशक बीसी वर्मा की देखरेख में स्कूल में 297 बच्चे पढ़ते हैं। मनोज को वह दिन याद है, जब भूखे पेट तक सोने की नौबत आती थी। केबीसी के हॉट सीट के अनुभव बांटते हुए मनोज ने बताया कि महानायक ने उसके घर, गांव का जब वीडियो क्लिप देखा तो उन्हें यकीन नहीं हुआ कि कोई ऐसा समुदाय भी है जो आजादी के इतने वर्षो बाद भी इस कदर जीवन बसर कर रहा है। मनोज के परिवार को साल के पहले दिन ही सुखद समाचार प्राप्त हुआ जब गांव में सोनी टीवी के बिग शो की टीम जमसौत स्थित इंदिरा आवास और छोटे से फूस के घर की शूटिंग करने पहुंची। चार जनवरी को मनोज अपने स्कूल के सुपरवाइजर व गुरु मनोज सर के साथ मुंबई निकला। 5 जनवरी को शो के दौरान बिग बी से पहली बार मिला। इसके पूर्व उसने अभिनेता मनोज वाजपेयी के साथ कुछ रिहर्सल भी किया। हॉट सीट पर महानायक के साथ बिताए एक घंटे और उनसे मिले टिप्स से मनोज अभिभूत है। उन्होंने मनोज के स्कूल को हर संभव सहायता के लिए दर्शकों से अनुरोध किया। हॉट सीट पर मनोज ने एक के बाद एक दस प्रश्नों के उत्तर दिए। ग्यारहवें प्रश्न के दौरान हूटर बज जाने से वह वहीं रुक गया।

दर्शक दीर्घा में दो और मनोज बैठे थे। एक उसके गुरु मनोज ओर दूसरे मनोज वाजपेयी। महानायक की टिप्पणी की- यह केबीसी नहीं मनोज क्विज है। शो के दौरान मनोज ने .मेरा मुल्क, मेरा देश गीत गाकर महानायक को उठकर गले लगाने को मजबूर कर दिया। उन्होंने स्कूल के संस्थापक जेके सिन्हा से बातचीत कर इसे अनूठी पहल बताया।

error: Content is protected !!