यमुना एक्सप्रेस वे पर शुक्रवार सुबह घने कोहरे के कारण एक के बाद एक बीस गाड़ियां आपस में टकरा गई। इस हादसे में एक बच्चे की मौत हो गई जबकि कुछ अन्य घायल हो गए। हादसे के कारण एक्सप्रेस वे पर लंबा जाम भी लग गया।
यह पहला मौका नहीं है जब घने कोहरे के कारण एक्सप्रेस वे पर इस तरह का हादसा हुआ हो। इससे पहले 14 जनवरी को भी इस मार्ग पर करीब 41 गाड़ियां आपस में टकरा गई थीं। इस हादसे में करीब अस्सी लोगों को चोटें आई थीं। उस वक्त नोएडा अथॉरिटी ने इस मार्ग पर कम रोशनी में सफर करने वालों के लिए एडवाइजरी जारी की थी। शुक्रवार सुबह को हादसे के दौरान यमुना एक्सप्रेस वे पर दस मीटर तक भी मुश्किल से ही देखा जा रहा था। इसके अलावा भी आज इस घने कोहरे की चादर राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई शहरों में देखने को मिली। सभी जगहों पर कोहरे ने वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिए। राजधानी में इसके चलते रेल, सड़क और हवाई यातायात बाधित रहा।