दिल्ली गैंगरेप: गवाही देने व्हीलचेयर पर पहुंचा पीड़िता का दोस्त

दिल्ली गैंगरेप मामले में मंगलवार को फास्ट ट्रैक कोर्ट में गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। अपना बयान दर्ज कराने के लिए पीड़िता का दोस्त व्हीलचेयर पर कोर्ट पहुंच गया है। इसके साथ ही हाइवे पर सबसे पहले देखने वाले पेट्रोलिंग स्टाफ के तीन लोग भी कोर्ट जाएंगे। इन्हीं लोगों ने सबसे पहले पीड़ित लड़की और उसके दोस्त को देखा और पुलिस को सूचित किया था। इन सबके बयान सुनवाई के दौरान दर्ज किए जाएंगे।

इसके साथ ही जुवेनाइल जस्टिस एक्ट [किशोर न्याय कानून] के तहत किसी को 18 वर्ष की आयु तक किशोर माना जाना अब सुप्रीम कोर्ट पर निर्भर है। वह जुवेनाइल जस्टिस एक्ट में किशोर की उम्र तय करने की धाराओं पर विचार करने के लिए तैयार हो गया है। सोमवार को कोर्ट ने हत्या और दुष्कर्म जैसे गंभीर अपराधों में किशोर आरोपी को अपराध की तुलना में दंड दिए जाने और सजा तय करने में न्यायाधीश को विवेकाधिकार दिए जाने की मांग वाली याचिका पर विचार करने की मंजूरी दे दी।

इस बीच, दिल्ली गैंगरेप की पीड़िता के परिजनों से मिलने शनिवार शाम संप्रग अध्यक्षा सोनिया गांधी पहुंची। सोनिया गांधी के साथ कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी व कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी भी थीं। करीब एक घंटे तक सोनिया गांधी पीड़िता के घर पर रुकीं और परिजनों को ढांढस बंधाया।

error: Content is protected !!