संसद हमले के दोषी अफजल गुरु को फांसी होने के बाद पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय बेअंत सिंह का पोता जल्द से जल्द अपने दादा के हत्यारे बलवंत सिंह राजोआना और दिल्ली बम विस्फोट के दोषी देविंदर पाल भुल्लर को फांसी के फंदे पर झूलते हुए देखना चाहता है।
स्व. बेअंत सिंह के पोते और कांग्रेस सांसद रवनीत सिंह बिट्टू ने सोमवार को कहा कि अफजल गुरु के बाद अब राजोआना और भुल्लर की बारी है। सरकार को उन्हें जितनी जल्दी हो सके फांसी पर लटका देना चाहिए।
उधर, शिवसेना की राज्य इकाई ने भी अफजल गुरु को फांसी देने का स्वागत करते हुए राजोआना और भुल्लर को फांसी पर लटकाने की मांग की। उत्तर भारत के शिवसेना प्रमुख विनय जालंधरी ने कहा कि हम अफजल गुरु की फांसी का स्वागत करते हैं। अब समय आ गया है कि राजोआना और भुल्लर को भी फांसी दे देनी चाहिए।
उल्लेखनीय है कि संसद हमले के दोषी 43 वर्षीय अफजल गुरु को एक गुप्त ऑपरेशन के तहत शनिवार को दिल्ली के तिहाड़ जेल में फांसी पर लटका दिया गया था और उसके शव को वहीं दफना दिया गया।