मालदीव में एक भारतीय महिला के साथ गैंगरेप की घटना सामने आई है। कंप्यूटर टीचर पीड़िता को गंभीर अवस्था में आइसीयू में भर्ती कराया गया है। स्थानीय मीडिया ने अधिकारियों के हवाले से बताया कि पीड़िता की हालत में कोई सुधार नहीं हो रहा है। डॉक्टर रक्तस्त्राव को रोकने में अभी तक नाकाम रहे हैं। भारत ने इस मामले को मालदीव के समक्ष उठाया है।
24 वर्षीय महिला अलिफ ढाल द्वीप के धंगेती स्थित एक निजी स्कूल में बतौर कंप्यूटर टीचर कार्यरत है। द्वीप परिषद के अध्यक्ष अजीम एडम ने बताया कि रविवार देर रात 2.15 बजे पीड़िता के घर में कुछ लोग घुसे और उसके साथ रेप किया। एडम को तड़के चार बजे इसकी जानकारी मिली और उन्होंने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। पीड़िता की हालत कोई सुधार नहीं होते देख उसे भारत भेजने की तैयारी चल रही है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि भारत ने इस घटना को गंभीरता के साथ मालदीव के साथ उठाया है। उनके मुताबिक मालदीव में भारतीय अधिकारी ने इस मुद्दे को वहां की कार्यवाहक मंत्री मरियम शकीला [जेंडर व फैमिली] के समक्ष भी उठाया है। मालदीव ने अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। उनका कहना है कि उनके देश के कानून के मुताबिक मामले में कार्रवाई की जाएगी।