समस्तीपुर [जासं]। रिश्ते की मर्यादा को तार-तार करते हुए आठ बच्चों की मां ने अपनी पुत्री को उसके घर से भगाकर दामाद से ही शादी रचा ली। बाद में सामाजिक दबाव व लोकलाज के कारण महिला ने बुधवार सुबह जहर खाकर जान देने की कोशिश की। अस्पताल में वह जीवन-मौत के बीच संघर्ष कर रही है। घटना बिहार के समस्तीपुर की है।
जानकारी के अनुसार, मल्हीपुर निवासी अशोक कुमार यादव की शादी दो साल पहले बेगूसराय के डुमरी गांव निवासी गंगो देवी की पहली बेटी के साथ हुई थी। शादी के बाद दामाद, पुत्री और सास खगड़िया शहर के एक होटल में मिठाई बनाने का काम करने लगे। इस बीच एक ही कमरे में सास और दामाद के रहने के कारण उनके बीच घनिष्ठता बढ़ गई। दोनों का प्यार इतना परवान चढ़ा कि उन्होंने शादी रचा ली। इसके लिए अपनी बेटी को भी घर से भगा दिया। बाद में ग्रामीणों ने इस रिश्ते को तोड़ने के लिए उन पर दबाव बनाया। इसके लिए महिला के पुत्र को बुलाया गया। पुत्र के आने की खबर सुन महिला ने जहर की गोली खाकर जान देने का प्रयास किया।