बठिंडा। सौतेले पिता की हवस का शिकार बनी नाबालिग लड़की ने मंगलवार सुबह सिविल अस्पताल में बेटे को जन्म दिया। उक्त युवती का सौतेला पिता ही रविवार रात को उसे यहां गर्भपात कराने लाया था। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। साथ ही लड़की के गर्भपात की कोशिश करने वाली तीन महिलाओं को कोर्ट ने एक दिन के रिमांड पर भेज दिया है। गुप्त सूचना के आधार पर थाना थर्मल पुलिस ने मंगलवार को शक्ति नगर स्थित एक घर में नाबालिग लड़की के गर्भपात की तैयारी कर रही तीन महिलाओं को काबू किया था। सातवीं कक्षा में पढ़ने वाली इस पीड़ित लड़की ने इसके लिए अपने सौतेले पिता की ही जिम्मेदार ठहराया था। वही उसे यहां गर्भपात के लिए छोड़ गया था। पुलिस की दबिश से पहले उक्त तीनों महिलाएं लड़की को गर्भपात की दवा दे चुकी थीं, जिससे उसकी हालत बिगड़ती गई। उसे सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। यहां मंगलवार सुबह करीब चार बजे उसने बेटे को जन्म दिया। उधर, थाना थर्मल पुलिस ने मामले में काबू तीनों महिलाओं परमजीत कौर, रमनदीप कौर और खुशविंदर कौर को मंगलवार शाम अदालत में पेश किया, यहां उन्हें एक दिन के पुलिस रिमांड पर ले लिया गया। वहीं, बेटी से दुष्कर्म के आरोपी बाप के खिलाफ पीड़ित बेटी के बयान पर थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है, पुलिस उसकी तलाश कर रही है। मामले की जांच कर रहे एसआइ काबल सिंह ने बताया कि आरोपी की तलाश में पुलिस टीम गठित कर दी गई है।
बच्चे की हालत गंभीर
दुष्कर्म पीड़ित लड़की ने जिस बच्चे को जन्म दिया उसकी हालत काफी गंभीर बनी हुई है। जन्म के करीब दो घंटे बाद ही डाक्टरों ने उसे फरीदकोट मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। बच्चे का इलाज करने वाले डा. सतीश जिंदल ने बताया कि बच्चे के परिजन उसे एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उसका उपचार चल रहा है।