त्रिपुरा में फिर लेफ्ट की आंधी, मेघालय में कांग्रेस को बढ़त

poll 2013-2-28नई दिल्ली। पूर्वोत्तर के तीन राज्यों त्रिपुरा, मेघालय और नगालैंड में हुए विधानसभा चुनावों के लिए वोटों की गिनती जारी है। त्रिपुरा में अब तक आए रुझानों व नतीजों में लेफ्ट को लगातार पांचवीं बार सत्ता मिलती दिख रही है। 60 सदस्यों की विधानसभा में लेफ्ट फ्रंट 46 पर बढ़त बनाए हुए है। मेघालय में कांग्रेस 22 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं, जबकि नगालैंड में एनपीएफ बढ़त बनाए हुए है।

त्रिपुरा केमोहनपुर विधानसभा क्षेत्र में सीपीएम उम्मीदवार सुभाष देवनाथ ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के रतनलाल नाथ को हरा दिया है।

नगा पीपल्स फ्रंट और सीपीएम ने एक-एक सीट जीती। त्रिपुरा के जोलाईबरी से सीपीएम उम्मीदवार जशबीर ने कांग्रेस के ब्रजेंद्र मोग को 9343 वोटों से हराया है।

मुख्यमंत्री माणिक सरकार समेत मंत्री भी बढ़त बनाए हुए हैं। वित्त मंत्री बादल चौधरी आगे चल रहे हैं। सत्तारूढ़ मा‌र्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के नेतृत्व में वाममोर्चा त्रिपुरा में वाममोर्चा 1978 से सत्ता में है और यह सिर्फ 1988 से 1993 के बीच सत्ता से बाहर रही है।

मेघालय में सत्तारूढ़ कांग्रेस पांच सीटों पर आगे। हिल स्टेट पीपल्स डेमोक्रेटिक पार्टी एक, यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी तीन और अन्य एक पर आगे है।

नगालैंड में आबोई सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार एशाक कोनयाक ने एनपीएफ के नियेवांग को 693 वोटों से हरा दिया है। मोनल टाउन सीट पर एनपीएफ उम्मीदवार एन थोंगवांग ने कांग्रेस के वाई मनखाओ को हराया। एनपीएफ उम्मीदवार नाइबा ने ताबू विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी बोंगखाओ को 2247 वोटों से हरा दिया है।

नगालैंड के मुख्यमंत्री नेइफियो रियो उत्तरी अंगामी (2) सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार केविसे सोगोत्सू से 11 हजार से अधिक वोटों से आगे चल रहे हैं। एनपीएफ उम्मीदवार रियो को अब तक गिने गए वोटों में से 13,201 मत मिले हैं और सोगोत्सू को महज 2,191 वोट मिले हैं।

पश्चिम बंगाल विधानसभा उपचुनाव में नलहाटी और रेजीनगर में कांग्रेस व इंग्लिश बाजार में तृणमूल कांग्रेस आगे है। रेजीनगर व इंग्लिश बाजार में उपचुनाव की जरूरत वर्तमान विधायकों हुमायूं कबीर और कृष्णेंदु नारायण चौधरी द्वारा कांग्रेस से दलबदल कर तृणमूल कांग्रेस में शामिल होने से पड़ी। इन दोनों को बाद में ममता बनर्जी मंत्रालय में शामिल कर लिया गया।

वहीं, राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी के बेटे अभिजीत मुखर्जी के जंगीपुर संसदीय क्षेत्र से चुने जाने पर नलहाटी विधानसभा सीट खाली हो गई थी।

सपा के आशुतोष निर्णायक बढत की ओर, बसपा तीसरे स्थान पर

उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के भाटपाररानी विधानसभा क्षेत्र उप चुनाव में 15 चक्र की मतगणना तक सपा प्रत्याशी आशुतोष उपाध्याय उर्फ बबलू 46816 मतों के साथ निर्णायक बढत की ओर अग्रसर हो चुके हैं। दूसरे नंबर पर निर्दल उम्मीदवार सभाकुंवर हैं, जिनको अभी तक 19632 मत मिले हैं। बसपा की बिंदा कुशवाहा 15284 मतों के साथ तीसरे स्थान पर हैं। कांग्रेस के राघवेंद्र विक्रम सिंह को अब तक 7161 तथा भाजपा के राजकुमार शाही को 3973 मत मिले हैं।

बिहार के कल्याणपुर विधानसभा उपचुनाव के पांचवें राउंड के वोटों की गिनती में जदयू प्रत्याशी मंजू देवी लोजपा की रेखा देवी से 6400 मतों से आगे हैं।

त्रिपुरा में गत 14 फरवरी को जहां देश में सर्वाधिक रिकॉर्ड 93 प्रतिशत मतदान हुआ था, वहीं मेघालय व नगालैंड में 23 फरवरी को क्रमश: 88 प्रतिशत व 83 प्रतिशत मतदान हुआ था। मिजोरम में चालफिल्ह, पंजाब में मोगा और उत्तर प्रदेश की भाटपार रानी सीट व पश्चिम बंगाल की नलहटी, इंगलिश बाजार व रेजीनगर सीटों पर उपचुनाव भी 23 फरवरी को ही हुए थे।

असम के अलगापुर, बिहार के कल्याणपुर (सुरक्षित) व महाराष्ट्र की चांदगढ़ सीट के लिए उपचुनाव 24 फरवरी को हुए थे। सभी जगह इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों के जरिये मतदान हुआ। इन राज्यों में मतगणना के व्यापक प्रबंध किए गए हैं।

त्रिपुरा विधानसभा की 60 सीटों पर 14 फरवरी को हुए चुनाव के लिए मतों की गणना सुबह आठ बजे कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई। मतगणना का काम राज्य के आठ जिलों में सत्रह मतगणना केंद्रों पर किया जा रहा है। इन सभी गणना केंद्रों के लिए त्रिस्तरीय सुरक्षा की व्यवस्था की गई है। गणना के काम में प्रेक्षक व गणना सहायकों समेत करीब 2500 कर्मचारी लगाए गए हैं। हर मतगणना केंद्र से सौ मीटर की दूरी तक निषेधाज्ञा लागू है। मतगणना का काम सीसीटीवी निगरानी में कराया जा रहा है।

60-सदस्यीय नगालैंड विधानसभा की 59 सीटों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना शुरू हुई। यहां एक सीट पर उम्मीदवार की मौत के बाद चुनाव रोक दिया गया था। नगालैंड के मुख्य चुनाव अधिकारी जे आलम ने बताया कि 12 जिलों में मतगणना हो रही है। मतगणना के लिए कुल 10 हजार मतदानकर्मियों को लगाया गया है।

मेघालय विधानसभा का कार्यकाल 10 मार्च को समाप्त हो रहा है, जबकि नगालैंड विधानसभा का कार्यकाल 18 मार्च और त्रिपुरा विधानसभा का कार्यकाल 16 मार्च को समाप्त होगा। इन तीनों राज्यों ही में विधानसभा की 60-60 सीटें हैं। त्रिपुरा में सत्तारूढ़ वाम मोर्चा के सबसे बड़े घटक माकपा ने 55 सीटों पर, आरएसपी ने दो, भाकपा ने दो और फॉरवर्ड ब्लॉक ने एक सीट पर प्रत्याशी खड़े किए थे। विपक्षी कांग्रेस 48 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। उसके गठबंधन सहयोगी आईएनपीटी ने 11 सीटों पर और नेशनल कांफ्रेंस ऑफ त्रिपुरा ने एक सीट पर प्रत्याशी उतारे हैं।

मेघालय में उग्रवादियों द्वारा सात जिलों में बंद के आह्वान के बावजूद 15 लाख से अधिक मतदाताओं के 88 प्रतिशत ने मतदान किया था। सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी ने सभी 60 सीटों पर अपने प्रत्याशी खड़े किए, जबकि यूडीपी ने 50 सीटों और पीए संगमा के नेतृत्व वाली नेशनल पीपुल्स पार्टी ने 32 सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़े किए थे।

– See more at: http://www.jagran.com/news/national-ne-election-results-2013-cpim-set-to-retain-tripura-npf-ahead-in-nagaland-congress-in-meghalaya-10173800.html#sthash.X5u7ijad.dpuf

error: Content is protected !!