नई दिल्ली। भाजपा नेता अरुण जेटली की मोबाइल कॉल डिटेल निकलवाने के प्रयास मामले में दिल्ली पुलिस को कई चौंकाने वाली जानकारी हाथ लगी हैं। पुलिस सूत्रों ने बताया कि सिर्फ अरुण जेटली की ही नहीं बल्कि भाजपा के कई बड़े नेताओं की जासूसी करने का प्रयास किया गया है। उसमें भाजपा के पूर्व अध्यक्ष नितिन गड़करी समेत अन्य कई बड़े नेता शामिल हैं।
स्पेशल सेल सूत्रों की माने तो पुलिस अधिकारियों की ई-मेल आईडी का प्रयोग कर जेटली की कॉल डिटेल निकलवाने का प्रयास करने वाला दिल्ली पुलिस का सिपाही अरविंद डबास मात्र एक मोहरा था। छानबीन में सामने आया है कि खेल का असली खिलाड़ी तो डॉ.अनुराग सिंह है। उसके निशाने पर ही भाजपा के पूर्व अध्यक्ष नितिन गड़करी, विजय गोयल समेत कई नेता थे। वह इनकी जासूसी करने का भी प्रयास कर चुका है।
गौरतलब है कि अनुराग 2005 में अमर सिंह फोन टेपिंग मामले में भी गिरफ्तार हो चुका है। इस मामले में गिरफ्तार जासूसों से बरामद लैपटॉप, मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेजों से पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारियां हाथ लगी हैं। इससे साफ होता है कि सिपाही अरविंद काफी समय से इन जासूसों के लिए काम कर रहा था।
एक अधिकारी की माने तो मामला बेहद हाई प्रोफाइल है। अभी कई अन्य महत्वपूर्ण जानकारी जुटानी है। मालूम हो कि अरुण जेटली जासूसी मामले में दिल्ली पुलिस के सिपाही सहित तीन जासूस गिरफ्तार किए जा चुके हैं। निजी जासूसी कंपनियां चलाने वाले जासूस पुलिसकर्मियों की मदद से हाई प्रोफाइल लोगों की निजी जीवन में ताक झांक कर रहे थे।