नमक समझ खिचड़ी में डाला सोडियम नाइट्रेट, तीन की मौत

3-died-in-lucknow-after-using-sodium-nitrate-in-khichdi 2013-3-2लखनऊ। स्थानीय फैक्ट्री में गुरुवार रात विषाक्त भोजन खाने से तीन मजदूरों की मौत हो गई। चार अन्य को चिकित्सा विश्वविद्यालय में भर्ती कराया गया है। इनमें से दो की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि देवा रोड स्थित फैक्ट्री में मजदूरों ने तहरी [खिचड़ी] बनाते समय उसमें नमक की जगह गलती से सोडियम नाइट्रेट पाउडर डाल दिया।

पुलिस ने बचे भोजन व पाउडर के डिब्बे को जांच के लिए भेजा है। इस फैक्ट्री में पावर ग्रिड में लगने वाले पावर पैनल बनते हैं। डिमांड के आधार पर ज्यादा पावर पैनल बनने थे, लिहाजा दस मजदूरों को गुरुवार को रात में भी काम करने के लिए रोक लिया गया। सीवान, बिहार के अयोध्या यादव व युनूस, बाराबंकी [उप्र] के सुधीर व संदीप, मलिहाबाद [उप्र] के सतीश व लखनऊ बलवंत व चंद्रशेखर ने रात को वहीं तहरी [खिचड़ी] बनाई। फैक्ट्री के सुरक्षा गार्ड एनएन दीक्षित ने बताया कि तहरी बनाने के दौरान वे लोग नमक ढूंढ़ते हुए फैक्ट्री के स्टोर रूम में गए। वहां से नमक समझकर एक केमिकल पाउडर का पांच किलो का डिब्बा उठा लाए। उसमें से डेढ़ चम्मच पाउडर तहरी में डाल दी। सातों मजदूरों की खाना खाने के बाद हालत बिगड़ने लगी। उन्हें अस्पताल ले जाया गया। जहां, डॉक्टरों ने अयोध्या, सतीश और सुधीर को मृत घोषित कर दिया। युनूस व चंद्रशेखर की हालत गंभीर बनी हुई है। अन्य खतरे से बाहर हैं।

 

error: Content is protected !!