यमुना आंदोलन: भाजपा के 16 विधायक हिरासत में

bjp mla got arrested 2013-3-10नई दिल्ली। यमुना आंदोलन की आंच अब दिल्ली तक पहुंच गई है। मथुरा से शुरू हुई यमुना मुक्तिकरण पदयात्रा रविवार को दिल्ली में प्रवेश करेगी। हजारों की तादाद में आई ये पदयात्रा फरीदाबाद तक पहुंच चुकी है। इस बीच, प्रधानमंत्री आवास की ओर कूच कर रहे राज्य के 16 भाजपा विधायक को हिरासत में ले लिया गया है।

इससे पहले नेता प्रतिपक्षविजय कुमार मल्होत्रा की अध्यक्षता में भाजपा की एक बैठक में यमुना मुक्तीकरण पदयात्रा का दिल्ली आगमन पर पूरा समर्थन किए जाने का निर्णय लिया गया। भाजपा के सभी विधायक रविवार सुबह 11 बजे एनडीएमसी कार्यालय के सामने इकट्ठा हुए और यमुना बचाओ-दिल्ली बचाओ आंदोलन की ओर आगे बढ़ने लगे।

बताया जाता है कि पदयात्रियों ने ठान लिया है कि वे दिल्ली से यमुना का साफ पानी लिए बगैर वापस नहीं जाएंगे। सोमवार को पदयात्री रामलीला मैदान पहुंचेंगे।

गौरतलब है कि यमुना मुक्तीकरण पदयात्रा के संयोजकों से शनिवार को दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने मुलाकात की। तीन दौर की बातचीत में 11 मार्च को दिल्ली के सरिता विहार में पदयात्रियों के डेरा डालने व वहां से दो से ढाई सौ पदयात्रियों के प्रतिनिधिमंडल को प्रधानमंत्री, सोनिया गांधी या राहुल से मिलवाने के लिए पदयात्रा के आयोजकों को राजी कर लिया। हालांकि, आयोजकों का कहना है कि यमुना को निर्मल बनाने के लिए लिखित आश्वासन नहीं मिला तो वे जंतर-मंतर की ओर कूच करेंगे।

आंदोलन के मुखिया संत रमेश बाबा के शिष्य संत जयकृष्णदास व भारतीय किसान यूनियन के नेता भानुप्रताप सिंह ने संयुक्त रूप से बताया कि आंदोलन की मर्यादा और दिल्ली के लोगों की परेशानी को ध्यान में रखते हुए निर्णय लिया गया है कि सरिता विहार तक सभी पदयात्री यथास्थिति में अपने ट्रैक्टरों सहित जाएंगे। सरिता विहार से 11 मार्च को एक प्रतिनिधिमंडल संत जयकृष्णदास, पंकज बाबा व भानुप्रताप सिंह के नेतृत्व में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, सोनिया गांधी व राहुल गांधी से मिलेगा और अपनी दो मांगों यमुना को हथिनी कुंड बैराज से मुक्त करने व दिल्ली की गंदगी यमुना में न डालने का लिखित आश्वासन लेगा। यदि ऐसा नहीं होता है तो सरिता विहार से काफिला जंतर-मंतर की ओर कूच कर जाएगा।

पदयात्रियों से वार्ता करने पहुंचे दिल्ली पुलिस के अधिकारियों में एडिशनल डीसीपी राजेश देव, बीएल सुरेश, मंगेश कश्यप, प्रेमनाथ, इंटेलीजेंस के सुरेश गुलिया व फरीदाबाद के डीसी बलराज सिंह सहित अन्य कई अधिकारी शामिल थे।

दूसरी तरफ, आठवें पड़ाव से शनिवार को 9वें पड़ाव की ओर बढ़ते-बढ़ते पदयात्रियों की संख्या में करीब तीन गुना इजाफा हुआ है। पदयात्रियों की संख्या करीब 40 हजार हो चुकी है। व्यापक समर्थन से आंदोलनकारी प्रफुल्लित हैं। उन्हें विश्वास है कि वे अपना मकसद पूरा करके लौटेंगे।

error: Content is protected !!