‘ओबामा ने मारा ओसामा को कांग्रेस को मारेगा करप्शन’

rajnathsingh 2013-3-13वाराणसी। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने कहा है कि राम ने रावण को मारा और कृष्ण ने कंस को, ओबामा ने ओसामा को मारा और यकीन मानिए, करप्शन (भ्रष्टाचार) मारेगा कांग्रेस को।

राजनाथ सिंह दूसरी बार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद का दायित्व संभालने के बाद मंगलवार को पहली बार वाराणसी में मीडिया से मुखातिब थे। इस दौरान भाजपा अध्यक्ष ने केंद्र सरकार को जमकर कोसा। बोले, दिल्ली की सरकार भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी तीन पार्टियां मिलकर चला रही हैं। ये दल हैं कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी। इन्हें वर्ष-2014 के आम चुनाव में जनता सबक सिखाएगी। हर दिन भ्रष्टाचार के नए मामले खुल रहे हैं जिससे कांग्रेस की साख को बट्टा लगा है।

मनमोहन सरकार की लचर नीति के कारण अंतरराष्रट्रीय स्तर पर भारत की धमक कम हो गई है। सरकार की विश्वसनीयता का संकट खड़ा हो गया है। भाजपा में यशवंत सिन्हा सरीखे नेताओं के मुखर होने, गुटबाजी बढ़ने और विभाजन के सवाल पर कहा कि हर बड़े दल में दो-चार लोगों का आना-जाना और मुखर होना आम बात है, इसे किसी और नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए। इस क्रम में यह भी जोड़ा कि कांग्रेस अपने जन्म के बाद से कई बार विभाजित हुई लेकिन भाजपा कभी नहीं। दिल्ली गैंगरेप मामले में मुख्य आरोपी की तिहाड़ जेल में हुई मौत से जुड़े प्रश्न पर राजनाथ ने कहा कि यह सुरक्षा व्यवस्था में छेद का परिणाम है। केंद्र सरकार अपनी जिम्मेदारी व जवाबदेही से बच नहीं सकती।

error: Content is protected !!