राम सिंह के तीन साथी कैदियों से हुई पूछताछ

ramsingh 2013-3-14नई दिल्ली। वसंत विहार में चलती बस में फिजियोथेरेपिस्ट छात्रा से गैंगरेप मामले के मुख्य आरोपी राम सिंह की तिहाड़ जेल में फांसी के मामले में मजिस्ट्रेट ने जांच शुरू कर दी है। मजिस्ट्रेट ने बुधवार को राम सिंह के वार्ड में बंद तीन अन्य कैदियों कृष्णा, श्याम तथा सुधीर से पूछताछ की। उनका बयान कलमबद्ध किया गया। वहीं जेल में लगे सीसीटीवी फुटेज की कॉपी ली गई है। राम सिंह के वार्ड में तैनात वार्डन, कर्मचारी व जेल अधिकारियों से भी पूछताछ की गई।

मालूम हो कि आरोपी राम सिंह तिहाड़ में जेल संख्या तीन के वार्ड दो में बंद था। उसकी बीते सोमवार को साकेत कोर्ट में पेशी थी। लेकिन उसी रोज तड़के उसने वार्ड के बैरक में लगे लोहे के गार्डर से रस्सी के सहारे लटका मिला था। उसी वार्ड में कृष्णा, श्याम व सुधीर नामक तीन अन्य कैदी भी रखे गए थे।

तिहाड़ सूत्रों के अनुसार, प्लास्टिक की बाल्टी पर चढ़कर रामसिंह फांसी पर झूल गया होगा। लेकिन कई सवाल के जवाब मिलने अभी भी बाकी हैं। बैरक में सोये तीनों कैदियों को इसकी भनक क्यों नहीं लगी, कैदियों पर नजर रखने के लिए तैनात सुरक्षा गार्ड कहां था, राम सिंह की सीसीटीवी की निगरानी में क्यों नहीं थी आदि।

राम सिंह के परिजनों का कहना है कि उसका एक हाथ खराब था, फिर उसने खुद फांसी का फंदा कैसे तैयार कर लिया, दरी को कैसे काटा जबकि बैरक में चाकू, स्टील के बर्तन व चम्मच रखना वर्जित है।

देश की सर्वाधिक सुरक्षित समझे जाने वाली जेल में बहुचर्चित मामले के कैदी की मौत से तिहाड़ प्रशासन भी सवालों के घेरे में है। मामले की जांच तीस हजारी कोर्ट के मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट कर रहे हैं।

error: Content is protected !!