शीला दीक्षित को ‘सुरक्षित गुजरात’ में रहने का न्योता

shila dixit 2013-3-14गांधीनगर। गुजरात में महिलाओं की सुरक्षा और बच्चों के कुपोषण पर कांग्रेस के आरोपों का जवाब देते हुए बुधवार को भाजपा विधायक पूनम मदम ने दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को ‘सुरक्षित गुजरात’ में आकर रहने का न्योता दिया। एक सर्वे का हवाला देते हुए पूनम ने कहा कि महिलाओं के लिहाज से गुजरात देश का सबसे सुरक्षित प्रदेश है।

कुछ दिन पहले कांग्रेस की महिला विधायकों तेजाश्री पटेल और कामिनी राठौर ने गुजरात की कानून-व्यवस्था की स्थिति पर बोलते हुए आरोप लगाया था कि राज्य में यौन उत्पीड़न की शिकार महिलाओं को वित्तीय सहायता तक उपलब्ध नहीं कराई जाती। इसके साथ कामिनी ने कहा था कि राज्य में बड़ी संख्या में महिलाएं रक्त की कमी से जूझ रही हैं, वहीं बच्चे कुपोषण का शिकार हो रहे हैं। बुधवार को विधानसभा में महिला एवं बाल कल्याण मंत्रालय के बजटीय प्रावधानों पर चर्चा के दौरान पूनम ने कांग्रेस विधायकों पर पलटवार करते हुए कहा, ‘दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित एक इंटरव्यू में खुद स्वीकार कर चुकी हैं कि राष्ट्रीय राजधानी महिलाओं के लिए सुरक्षित नहीं है।’ इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री शीला को सुरक्षित गुजरात में आकर रहने का न्योता दे डाला। पूनम जामनगर से कांग्रेस सांसद विक्रम मदम की भतीजी हैं।

error: Content is protected !!