एमपी: वाह रे गृहमंत्री, रेप पीड़िता को ही ठहरा दिया दोषी

mp-all-accused-arrested-in-swiss-lady-rapeदतिया। मध्य प्रदेश के दतिया जिले में स्विटजरलैंड की महिला के साथ गैंगरेप की घटना के 72 घंटे बाद पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। एएसपी आरएस प्रजापति ने बताया कि आरोपियों के पास से महिला का मोबाइल, लैपटॉप व नगदी समेत एक 315 बोर की बंदूक बरामद की गई है। इस मामले में शनिवार को पुलिस ने पूछताछ के लिए 20 लोगों को हिरासत में लिया था।

रविवार शाम चंबल आइजी एमएफ अफजल ने स्विस महिला के साथ गैंगरेप करने वाले छह आरोपियों के नाम सार्वजनिक किए। इनमें बाबा कंजर, भुता कंजर, रामप्रो कंजर, गजा उर्फ ब्रजेश, नितिन कंजर, विष्णु कंजर शामिल हैं। आरोपी घटनास्थल से कुछ दूर स्थित कंचर डेरा के रहने वाले हैं और शराब का अवैध कारोबार में लिप्त थे।

गौरतलब है कि स्विस महिला अपने पति के साथ एडवेंचर टूर पर भारत आई थी। वे 12 मार्च को मुंबई एयरपोर्ट पहुंचे और साइकिल से भारत-भ्रमण पर निकल गए। शुक्रवार शाम पांच बजे दंपति दतिया से आठ किमी पहले झड़िया गांव के पास पहुंचे और गांव से लगे भूता जंगल में कैंप लगाया। रात नौ बजे दोनों सोने की तैयारी कर रहे थे, तभी लाठी और हथियार लैस बदमाश वहां आ धमके। उन्होंने दंपति से 10 हजार रुपये लूट लिए, उसके बाद पति का हाथ-पैर बांध दिया और महिला के साथ रेप किया। बदमाश दंपति के पास से मोबाइल व लैपटॉप भी लूट ले गए।

घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए राज्य के गृहमंत्री उमाशंकर गुप्ता ने कहा कि विदेशी सैलानी नियमों का पालन नहीं करते। वे घूमने आते हैं तो अपने कार्यक्रम के बारे में पुलिस को कोई सूचना नहीं देते। सैलानियों की सुरक्षा के लिए आगे क्या किया जा सकता है, हम इस पर विचार करेंगे। इस घटना के विरोध में विपक्षी पार्टी कांग्रेस आज सोमवार को पूरे राज्य में प्रदर्शन करेगी।

दंपति को पहुंचाया दूतावास:

गैंगरेप पीड़ित महिला को पुलिस ने पूरी सुरक्षा के साथ शनिवार शाम दिल्ली स्थित स्विस दूतावास भेज दिया। आइजी अफजल के मुताबिक सैलानी दंपति दिल्ली स्थित स्विस दूतावास जाना चाहते थे, उनकी दूतावास में बात भी कराई गई। शनिवार देर शाम महिला सेल डीएसपी गीता भारद्वाज एवं डीएसपी अजाक आरएस परिहार के साथ दंपति को दिल्ली के लिए रवाना कर दिया गया।

घटना से स्तब्ध स्विट्जरलैंड

बर्न। मध्य प्रदेश के दतिया जिले में अपनी नागरिक के साथ हुई सामूहिक दुष्कर्म की घटना से स्विट्जरलैंड स्तब्ध है। स्विस सरकार ने इस दुखद घटना के दोषी लोगों की जल्द से जल्द पहचान और उन्हें दंड देने की मांग की है।

स्विस विदेश मंत्रालय ने रविवार को जारी बयान में कहा कि भारत में उनके दूतावास के अधिकारी स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में हैं। जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उन्हें न्याय के कठघरे में खड़ा किया जाना चाहिए। स्विस ब्राडकास्टिंग कारपोरेशन की वेबसाइट के अनुसार, नई दिल्ली स्थित स्विस दूतावास और मुंबई के वाणिज्य दूतावास के अधिकारी पीड़िता और उसके पति को सभी प्रकार की मदद मुहैया करा रहे हैं।

error: Content is protected !!