कोलकाता। राज्य के खेल एवं परिवहन मंत्री मदन मित्रा के रिश्तेदार सौम्य बंद्योपाध्याय को शराब के नशे में एक महिला से बदसलूकी व मारपीट करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। इन सभी को 26 तक के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। कालीघाट के कासारीपाड़ा और शाखारीपाड़ा में शनिवार देर रात दो गुटों में झड़प हो गई। आरोप है कि मदन मित्रा के साले का बेटा सौम्य उर्फ बॉनी नशे की हालत में अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और काशारीपाड़ा गुट के लड़कों से मारपीट करने लगा। सौम्य शाखारीपाड़ा गुट का मुखिया बताया गया है। वह झड़प में अपने गुट का नेतृत्व कर रहा था। काशारीपाड़ा गुट टिंकू यादव उर्फ राबर्ट नामक युवक का बताया जा रहा है। घटना की सूचना पाकर कालीघाट थाने की पुलिस वहां पहुंची तो उनकी गाड़ी में सौम्य व उनके साथियों ने तोड़फोड़ की। घटना की सूचना मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को दी गई। पुलिस ने 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। सौम्य पर महिला से छेड़छाड़ करने का भी आरोप है। पिछले साल मुख्यमंत्री के भतीजे आकाश बनर्जी पर विद्यासागर ट्रैफिक गार्ड के प्रभारी को थप्पड़ मारने का मामला दर्ज हुआ था।