नई दिल्ली। कानून प्रवर्तन एजेंसियों में महिलाओं का प्रतिनिधित्व व बढ़ाने की मांग के बावजूद देश के पुलिसबल में उनकी हिस्सेदारी महज 5.33 प्रतिशत है। गृह मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, राज्य पुलिस बलों के कुल 15,85,117 कर्मियों में मात्र 84,479 महिलाएं हैं। यानी कुल संख्या का मात्र 5.33 प्रतिशत। इसके अलावा देश के 15 हजार पुलिसथानों में से महिला पुलिस थानों की संख्या मात्र 499 है। पिछले साल 16 दिसंबर को दिल्ली में चलती बस में हुई गैंगरेप की घटना के बाद पुलिस बलों में महिलाओं की संख्या बढ़ाने की मांग उठ रही है।
वर्ष 2011 में महिलाओं के खिलाफ 2,28,650 अपराध के मामले दर्ज किए गए थे, जिसमें 24,206 दुष्कर्म के थे।
उत्तर प्रदेश में 1,73,341 पुलिसकर्मियों में 2,586 यानी 1.49 प्रतिशत महिला पुलिसकर्मी हैं।
आंध्र प्रदेश में 89,325 पुलिसकर्मियों में 2,031 यानी 2.27 प्रतिशत महिलाएं हैं। बिहार में 67,964 पुलिसकर्मी हैं जिसमें 1485 (मात्र 2.18 प्रतिशत) महिलाएं हैं।
मध्य प्रदेश में 2011 में दुष्कर्म के सर्वाधिक मामले दर्ज किए गए। वहां 76,506 पुलिसकर्मियों में से मात्र 3010 (करीब 3.93 प्रतिशत) महिलाकर्मी हैं।
महाराष्ट्र, तमिलनाडु व चंडीगढ़ में पुलिसबलों में महिलाओं का प्रतिनिधित्व अपेक्षाकृत बेहतर है।
महाराष्ट्र में कुल 1,34,696 पुलिसकर्मियों में से 20,062 (करीब 14.89 प्रतिशत), तमिलनाडु में कुल 95,745 में से 10,118 (करीब 10.57 प्रतिशत) व चंडीगढ़ में कुल 7308 पुलिसकर्मियों में 985 (करीब 13.48 प्रतिशत) महिलाएं हैं। दिल्ली में कुल 75,169 पुलिसकर्मी हैं, जिनमें से 5,356 (करीब 7.13 प्रतिशत) महिला पुलिसकर्मी हैं।
राज्यवार स्थिति
राज्य कुल पुलिसकर्मी महिलाओं की संख्या
उत्तर प्रदेश 1,73,341 2,586
मध्य प्रदेश 76,506 3010
दिल्ली 75,169 5,356
बिहार 67,964 1485