आजमगढ़। बसपा और सपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप कोई नई बात नहीं है। बसपा सीएम अखिलेश और सपा पर तंज कसने में कभी पीछे नहीं हटती है। एक बार फिर बसपा के राष्ट्रीय महासचिव नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि जितना बड़ा अपराधी है वह उतना ही बड़ा समाजवादी है। उत्तर प्रदेश को एक- दो नहीं बल्कि साढ़े चार मुख्यमंत्री चला रहे हैं। रहा सवाल केंद्र का तो वहां घोटालेबाजों को संरक्षण दिया जा रहा है।
वह सोमवार को पार्टी की मंडलीय समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में बसपा प्रदेश में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरेगी और बसपा सुप्रीमो मायावती देश की प्रधानमंत्री बनेंगी। पूर्व मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में एक मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव हैं, दूसरे शिवपाल सिंह यादव, तीसरे राम गोपाल यादव और चौथे आजम खां। इन लोगों के बीच में फंसे हैं आधे मुख्यमंत्री अखिलेश यादव। वह इनमें से किसी को कुछ बोल नहीं सकते।