नोएडा। जारचा कोतवाली क्षेत्र में एक महिला एथलीट के साथ रेप के प्रयास का मामला प्रकाश में आया है। एथलीट सुबह अभ्यास करने निकली थी। दो युवकों ने झाड़ियों में खींचकर उसके साथ रेप करने की कोशिश की। आरोप है कि पुलिस मामला दर्ज करने के बजाय इसे दबाने का प्रयास कर रही है। एथलीट जनपद स्तरीय दौड़ प्रतियोगिताओं की विजेता है। सुरक्षाबल में भर्ती होने के लिए प्रयासरत है। इसके लिए उसने आवेदन कर रखा है। शारीरिक परीक्षा पास करने के लिए हर दिन सुबह गांव के पास दौड़ का अभ्यास करती है। शनिवार को भी वह गांव की कुछ और लड़कियों के साथ अभ्यास करने निकली थी। दौड़ते-दौड़ते आगे निकल गई। उसके साथ की लड़कियां पीछे रह गई। तभी घात लगाकर बैठे दो युवकों ने उसे झाड़ियों में खींच लिया। उसके साथ रेप करने की कोशिश करने लगे। एथलीट ने शोर मचा दिया। तब तक पीछे से उसके साथ की लड़कियां भी आ गई। उन्हें देखकर युवक फरार हो गए है। सूत्रों ने बताया कि एथलीट जारचा कोतवाली शिकायत करने पहुंची थी। लेकिन पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया। आरोप है कि पुलिस इसे दबाने का प्रयास करने लगी। सोमवार को पीड़िता ने दादरी के सीओ से शिकायत की। अभी तक कोई कारवाई नहीं हुई है।