नागपुर। छत्तीसगढ़ से लगते महाराष्ट्र के गढ़चिरोली जिले स्थित भाटपार के जंगलों में गुरुवार सुबह पुलिस ने मुठभेड़ में सात नक्सलियों को मार गिराया। मुठभेड़ में कई नक्सली घायल भी हुए हैं। पुलिस ने इस बात की जानकारी दी है।
एक सूचना के आधार पर कि लगभग 100 हथियारबंद नक्सली भाटपार के जंगलों में गुप्त मिटिंग कर रहे हैं, नक्सल निरोधी बल सी-60 की तीन कंपनियों ने वहां पहुंच इलाके को घेर लिया और नक्सलियों को चुनौती दी। इसपर नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस और नक्सलियों के बीच फायरिंग दो घंटे से अधिक समय तक चली।
पुलिस अभियान का नेतृत्व करने वाले अधिकारी भरत ठाकुर ने बताया कि नक्सलियों के चार शव बरामद किये गए हैं जबकि नक्सली अपने तीन साथियों के शव लेकर भाग गए। पुलिस ने अब कांबिंग आपरेशन शुरू किया है। मुठभेड़ में तीन पुलिसकर्मी भी मामूली रूप से घायल हो गए।