श्रीनगर। कश्मीर की खूबसूरत वादियों के बीच हॉलैंड के एक नागरिक ने अपनी महिला मित्र का रेप करने के बाद बड़ी बेरहमी से उसकी हत्या कर दी। यह दोनों ही डल लेक इलाके में एक हाउस बोट में रुके हुए थे। पुलिस ने आरोपी विदेशी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक इस घटना की शिकार हुई महिला ब्रिटेन की नागरिक बताई गई है, जिसकी उम्र करीब 26 वर्ष है। वहीं गिरफ्तार युवक 36 वर्ष का है। घटना की सूचना पुलिस को हाउस बोट मालिक ने दी थी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर छानबीन शुरू की। इसके बाद महिला के पुरुष मित्र की तलाश की गई, जिसको बाद में गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक यह युवक फरार होने की ताक में था। इसके पास से इसका पासपोर्ट समेत कुछ अन्य सामान भी बरामद हुआ है। पुलिस से मिली शुरुआती जानकारी के मुताबिक महिला की हत्या से पहले उसके साथ रेप किया गया और फिर उसकी हत्या कर दी गई। अभी इसके स्पष्ट कारणों का पता नहीं चला है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।