नशे में मार डाली थी ब्रिटिश पर्यटक

dutch-man-has-confessed-to-murdering-a-british-touristश्रीनगर। हॉलैंड के पर्यटक रिचर्ड द विट ने ब्रिटिश नागरिक साराह ग्रूव्स की हाउस बोट में हत्या का जुर्म कुबूल कर लिया लिया है। अब जांच का मुख्य विषय यह है कि कहीं साराह के साथ रेप तो नहीं किया गया था। इसके लिए पुलिस ऑटोप्सी रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

ब्रिटिश फिटनेस प्रशिक्षक साराह का शव शनिवार को हाउस बोट में मिला था। उसके शरीर पर 43 घाव थे। घटनास्थल के चारों और खून ही खून फैला था। पुलिस ने मामले में डच नागरिक रिचर्ड द विट (43 वर्ष) को गिरफ्तार किया था। डीआइजी अफतुल मुजतबा ने बताया कि विट ने पूछताछ में हत्या की बात स्वीकारी है। परंतु मारने की वजह का नहीं पता। उन्होंने बताया कि कत्ल के वक्त विट गांजे के नशे में था। इसकी पुष्टि के लिए उसके खून के नमूने लेकर जांच को भेजा है। उन्होंने कहा कि मामले में रेप की आशंका से इन्कार नहीं किया जा सकता लेकिन इसका सुबूत मौके पर नहीं मिला है। उन्होंने जानकारी दी कि रिचर्ड अभी 14 दिन पुलिस हिरासत में रहेगा। इस दौरान हत्या के दूसरे साक्ष्य एकत्रित किए जाएंगे। दूसरी ओर पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि ब्रिटिश महिला के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। परंतु इस कठिन वक्त में उनकी निजता को बनाए रखा जाना चाहिए।

मेरी बेटी की तरह थी

साराह जहां रुकी थी उस हाउसबोट के मालिक ने बताया कि ब्रिटिश महिला दो माह पहले आई थी। इस दौरान उसके व्यवहार के चलते वह उसे बेटी की तरह मानने लगे थे। ग्रूव्स की याद में फेसबुक पर भी एक पेज तैयार किया गया है। इसमें उसे अद्भुत व्यक्तित्व से परिपूर्ण बताया है, जिसे सभी प्यार करते थे। यहां 2000 से ज्यादा लोग उसे श्रद्धांजलि दे चुके हैं।

पर्यटन पर प्रभाव

जघन्य हत्या की खबर से कश्मीर के टूर ऑपरेटर्स में चिंता छाई हुई है। उन्हें आशंका है कि घटना उनके कारोबार को प्रभावित करेगी। कश्मीर में इस साल अशांति के चलते पर्यटन बुरी तरह प्रभावित रहा है। पहले अफजल गुरू को फांसी पर चढ़ाये जाने से हिंसक विरोध और क‌र्फ्यू का दौर चलता रहा। इसके बाद मार्च में आतंकियों ने सुरक्षा बलों के कैंप पर हमला बोला था।

एक हाउस बोट मालिक नईम राजा का तो कहना था कि हत्या ने पर्यटन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। अप्रैल पर्यटन का प्रमुख सीजन होता है लेकिन नए सैलानी नहीं आ रहे। सिर्फ यही घटना नहीं मध्य प्रदेश के दतिया में स्विस पर्यटक से गैंगरेप और आगरा में ब्रिटिश महिला से छेड़छाड़ की घटना ने भी पर्यटकों पर प्रभाव डाला है। एक सर्वे के अनुसार दिल्ली में 15 दिसंबर को हुई गैंगरेप की घटना के बाद विदेशी पर्यटकों की संख्या में 25 प्रतिशत की कमी आई है। यदि महिला पर्यटकों को देखा जाए तो वह 35 प्रतिशत कम आ रही हैं।

error: Content is protected !!