कोच्चि। पहले से ही आरोपों के वार झेल रही भारतीय सेना के लिए फिर से एक और शर्मनाक घटना सामने आई है। एक महिला ने आरोप लगाया है कि उसके पति ने अपना प्रमोशन कराने के लिए उसका इस्तेमाल किया और उसको अपने अधिकारियों के साथ हम बिस्तर होने को मजबूर किया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने उसके पति और अन्य दस नौसेना अधिकारियों के खिलाफ यौन शोषण का मामला दर्ज कर लिया है।
हार्बर पुलिस थाने में दर्ज शिकायत में 26 वर्षीय ओडिशा की महिला ने कहा है कि उसके पति नौसेना में लेफ्टिनेंट हैं। उन्होंने अपनी प्रमोशन और दूसरे फायदों के लिए उसे उच्च अधिकारियों के साथ सोने पर मजबूर किया। महिला ने आरोप लगाया है कि इसका विरोध करने पर उसका पति और अधिकारियों ने उसके साथ मारपीट भी की। महिला ने अधिकारियों पर उसको जबरन नशीली दवाई देने का भी आरोप लगाया है।
महिला की शिकायत पर पुलिस ने उसके पति समेत दस लोगों के खिलाफ यौन शोषण मामला दर्ज किया है। इसमें सेना के उच्च अधिकारी और महिला के सास-ससुर और उसकी ननद का नाम भी शामिल है। महिला ने अपने सास-ससुर पर दहेज प्रताड़ना का भी आरोप लगाया है। नौसेना ने इन आरोपों को खारिज करते हुए पुलिस की पूरी मदद करने का वायदा किया है। महिला की पिछले वर्ष ही विशाखापत्तनम में नियुक्त नेवी अधिकारी के साथ शादी हुई थी।